वाशिंगटन (आरएनएस)। नाटो महासचिव मार्क रूट ने रूस के साथ व्यापार जारी रखने पर भारत, चीन और ब्राज़ील को सख्त चेतावनी दी है। रूट ने बुधवार को कहा कि अगर ये देश रूस से व्यापार नहीं रोकते तो उन पर कड़े और सख्त प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। उन्होंने अमेरिकी कांग्रेस के सीनेटरों से मुलाकात के बाद यह बयान दिया।
यह चेतावनी ऐसे समय आई है जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन को हथियार देने की नई घोषणा की है और रूस के निर्यात खरीदने वालों पर 100 प्रतिशत द्वितीय टैरिफ लगाने की धमकी दी है, अगर अगले 50 दिनों में शांति समझौता नहीं होता है।
मार्क रूट ने कहा, अगर आप बीजिंग, दिल्ली या ब्राज़ील में हैं, तो यह चेतावनी आपके लिए है। व्लादिमीर पुतिन को फोन कर शांति वार्ता में सहयोग करें, वरना गंभीर असर झेलना पड़ेगा।
सीनेटर थॉम टिलिस ने ट्रंप की योजना की सराहना की, लेकिन 50 दिन की समय-सीमा पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि पुतिन इस अवधि का फायदा उठाकर युद्ध में ज़्यादा जमीन कब्ज़ा कर सकते हैं।
रूट ने यह भी कहा कि यूरोप यूक्रेन को बेहतर स्थिति में लाने के लिए आर्थिक मदद देगा और अमेरिका बड़े पैमाने पर हथियार और गोला-बारूद उपलब्ध कराएगा, जिसमें हवाई रक्षा, मिसाइलें और यूरोपीय देशों द्वारा फंड की गई सहायता शामिल है।








