गाजा में पानी भर रहे बच्चों पर मिसाइल अटैक, कई लोगों की मौत, इजरायल बोला- कहीं और था निशाना

Join Us

गाजा ,(आरएनएस)। गाजा में शरणार्थी शिविर पर पानी भर रहे बच्चों के ऊपर मिसाइल अटैक किया गया है। जानकारी के अनुसार इस हमले में कई लोगों की मौत हो गई है।
मरने वालों में अधिकतर बच्चे शामिल थे। उधर, इजरायली सेना ने हमले को मानवीय त्रासदी बताते हुए सफाई दी कि यह तकनीकी खराबी से हुआ, टारगेट कहीं और था। आईडीएफ ने बयान में कहा,हम निर्दोष नागरिकों को हुए नुकसान पर खेद जताते हैं। घटना की जांच की जा रही है। स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि हमले में कम से कम 8 की मौत और 17 घायल हुए हैं। हमला नुसेरत शरणार्थी शिविर में एक पानी वितरण केंद्र पर हुआ, जहां स्थानीय लोग पानी भरने के लिए जुटे थे। अल-अवदा अस्पताल के आपातकालीन डॉक्टर अहमद अबू सैफान ने बताया कि हमले में 6 बच्चों की मौत हुई और 17 अन्य घायल हुए।
बता दें कि गाजा में हाल के हफ्तों में पानी की भारी किल्लत देखी जा रही है। ईंधन की कमी के चलते सीवेज सिस्टम भी बंद हो गए हैं, जिससे लोग सार्वजनिक जल वितरण केंद्रों पर निर्भर हो गए हैं। वहीं, गाजा पट्टी पर इजरायली सेना का हमला जारी है। अब तक 58,000 से ज्यादा लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें आधी से ज्यादा महिलाएं और बच्चे हैं। बीते 24 घंटों में 139 और मौतें दर्ज की गई हैं।
यमन के हूती विद्रोहियों के हमले में जहाज डूबे
लंदन (ईएमएस)। लाल सागर में यमन के हूती विद्रोहियों के हमले के बाद दो जहाज, इटरनिटी सी और मैजिक सीज डूब गए हैं। निजी सुरक्षा कंपनियों ने बताया कि चार लोगों के मरने की आशंका है और 11 अन्य लापता हैं। यूरोपीय संघ के ऑपरेशन एस्पाइड्स ने 10 लोगों को बचाया है, जिसमें फिलीपीनी, यूनानी और भारतीय नागरिक शामिल हैं। हूती विद्रोहियों ने कुछ नाविकों को अगवा करने का दावा किया है, जिसकी पुष्टि अमेरिकी दूतावास ने भी की है। जहाज के मालिकों ने लापता लोगों की तलाश बंद करने का फैसला किया है।

Previous articleबुजुर्ग महिला की संदिग्ध मौत, पोते पर पीट-पीट कर हत्या करने का संदेह
Next articleपाकिस्तान में रामायण का मंचन, खूब मिली तालियां और तारीफ