स्टॉप डायरिया सह दस्तक अभियान का प्रथम चरण 22 जुलाई से

Join Us

जिले के 144209 बच्चों की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग होगी

नर्मदापुरम/ प्रदेश के साथ साथ नर्मदापुरम जिले में स्टॉप डायरिया सह दस्तक अभियान का प्रथम चरण 22 जुलाई से 16 सितंबर 2025 तक संचालित किया जायेगा। अभियान की शुक्रवार को जिला प्रशिक्षण केन्द्र में सीएमएचओ डॉ नरसिंह गेहलोत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय कार्यशाला हुई। सीएमएचओ ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उददेश्य बाल एवं शिशु मृत्यू दर में कमी लाना, बाल्यकालीन बीमारियों की रोकथाम एवं 5 वर्ष तक के समस्त बच्चों को स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाएं देना प्रमुख है। एम्स भोपाल से आये कन्सलटेंट मनोज चौहान ने पीपीटी के माध्यम से बताया कि नर्मदापुरम जिले में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 144209 बच्चों की दस्तक दल द्वारा 22 जुलाई से 16 सितंबर 2025 तक आँगनवाड़ी केन्द्रों में ग्राम स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस के दिन स्वास्थ्य स्कीनिंग की जायेगी। जिसके तहत बच्चों में बाल्यकालीन बीमारियों जैसे दस्त, निमोनिया, एनीमिया एवं कुपोषण से प्रभावित बच्चों को चिन्हांकित कर संस्था में प्रबंधन किया जायेगा। अति गंभीर कुपोषित बच्चों का उच्च संस्था में रिफर किया जायेगा। दस्तक दल जिसमें एएनएम, आशा कार्यकर्ता एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता शामिल है के द्वारा 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों का एमयूएसी टेप से नाप, वजन, स्टेरियोमीटर, हीमोग्लोबिन मीटर, पल्स ऑक्सीमीटर इत्यादि से परीक्षण किया जायेगा एवं दल द्वारा आयु अनुसार विटामिन ए आयरन सीरप की खुराक दी जायेगी। दस्त रोग से बचाव हेतु जिंक की गोली एवं ओआरएस का वितरण तथा निमोनिया से बचाव हेतु एमोक्सिलीन की गोली प्रदाय की जायेगी। यह अभियान 45 दिन चलेगा जिसमें छूटे हुये बच्चों का मॉप अप दिवस में स्वास्थ्य सेवाये दस्तक दल द्वारा प्रदान की जायेगी. सीएचओ द्वारा छूटे हुये हितग्राहियों का पर्यवेक्षण किया जायेगा साथ ही लाइनलिस्ट तैयार की जायेगी। आशा एवं मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा ग्राम स्तर पर दस्तक अभियान से संबंधित नारे लेखन करवाकर ग्राम में प्रचार प्रसार किया जायेगा। जिला स्तरीय कार्यशाला में डीपीएम कविता भोई, सीबीएमओ डॉ आर एस मीना. डॉ रेखा गौर, डॉ. अक्षय रघुवशी, सुनील साहू एमपीडब्ल्यू मीडिया शाखा,एमएंडई अनुष्का मालवीय, विकासखंडों से मेडिकल ऑफीसर, बीपीएम, बीसीएम, डाटा कम्प्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous articleउपार्जन केंद्रों पर सभी आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए – कलेक्टर सोनिया मीना
Next articleराज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता में सीहोर की लगातार जीत