– फूलमाला पहनाई, राम दरबार भी किया भेंट
सीहोर। भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सीहोर के दौरे पर पहुंचे। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व जिला पंचायत एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने अपने मित्र मंडल एवं समर्थकों के साथ उनकी भव्य अगवानी की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल देर शाम सीहोर पहुंचे थे। इस दौरान श्री अरोरा ने श्री खंडेलवाल का फूलमाला पहनाकर एवं श्रीराम दरबार भेंटकर स्वागत व सम्मान भी किया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी स्वागत से अभिभूत नजर आए और उन्होंने श्री अरोरा एवं उनके मित्र मंडल व समर्थकों का आभार भी प्रकट किया। श्री अरोरा ने बताया कि प्रदेश भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार नगर आगमन हुआ। वे महाकाल के दर्शन करने उज्जैन भी पहुंचे थे और इसके बाद उन्होंने सिद्धपुर की नगरी सीहोर में भी कार्यकर्ताओं से भेंट की और सभी का आभार प्रकट किया। वरिष्ठ नेता जसपाल सिंह अरोरा ने कहा कि भाजपा एक ऐसी राजनीतिक पार्टी है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ताओं को उनका सम्मान और अधिकार मिलता है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जिसमें चाय बेचने वाला प्रधानमंत्री बनता है तो किसान का बेटा मुख्यमंत्री बनता है। अब पार्टी नेतृत्व ने हेमंत खंडेलवाल को प्रदेश भाजपा की कमान सौंपी है और उनके नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी नया इतिहास भी बनाएगी। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल को पुनः प्रदेश अध्यक्ष बनने पर बधाई शुभकामनाएं भी प्रेषित की। इससे पहले श्री अरोरा ने भोपाल स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में भी पहुंचकर हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात करके उन्हें बधाई, शुभकामनाएं दी थीं।








