बारिश को देखते हुए होटल एवं रेस्टोरेंट में मिलने वाले दुषित, मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच की जाए
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला चिकित्सालय में व्याप्त अव्यवस्थाओं को प्राथमिकताओं से सुधारे
कमिश्नर ने राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की
नर्मदापुरम/ सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी अपने अधीनस्थ तहसीलदार न्यायालय एवं तहसीलदार कार्यालय का प्राथमिकता से निरीक्षण करना सुनिश्चित करें। कोई भी राजस्व प्रकरण ऑफलाइन ना लिए जाएं और ना ही कोई भी राजस्व प्रकरण ऑफलाइन दर्ज किये जाएं सभी प्रकरण ई ऑफिस सिस्टम के माध्यम से ही लेकर दर्ज किया जाए। सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी राजस्व वसूली के लिए विशेष कार्य योजना बनाएं और इस वित्तीय वर्ष में शत प्रतिशत राजस्व वसूली करना सुनिश्चित करें। उक्त निर्देश नर्मदापुरम संभाग कमिश्नर श्री कृष्ण गोपाल तिवारी ने शुक्रवार को आयोजित राजस्व विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, नगरीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, फूड एंड सेफ्टी विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान दिए। कमिश्नर ने एसडीएम पिपरिया को निर्देश दिए कि वह पचमढ़ी तहसील कार्यालय में तहसीलदार के बैठने का नियत समय निर्धारित कर सूचना पटल पर भी बैठने का समय अंकित कराए। कमिश्नर ने पचमढ़ी लोक सेवा केंद्र में एक कंप्यूटर ऑपरेटर नियुक्त करने के लिए विज्ञापन जारी करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं तहसीलदार के रीडर आईडी पर लंबित प्रकरणों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए की सभी लंबित राजस्व प्रकरण प्राथमिकता से निराकृत किया जाए। उल्लेखनीय है कि नर्मदापुरम जिले में रीडर आईडी पर 435 प्रकरण लंबित है। सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरण की समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी राजस्व अधिकारी सीएम हेल्पलाइन में लंबित सभी प्रकरणो को समय सीमा में निराकृत कर ले।
कमिश्नर श्री तिवारी ने निर्देश दिए की राजस्व वसूली में इस वर्ष नर्मदापुरम जिले को 14 करोड़ की राजस्व वसूली का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। कलेक्टर सोनिया मीना ने निर्देश दिए की तीन माह निकल चुके हैं अब शेष माह में समस्त राजस्व वसूली में तेज गति से कार्य किया जाए। कमिश्नर श्री तिवारी ने स्वामित्व योजना में हुई प्रगति की भी समीक्षा की। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने निर्देश दिए की कोई भी पट्टे बांटने में अनावश्यक देरी न की जाए और फार्मर रजिस्ट्री 31 जुलाई तक हर हाल में पूरी की जाए। उन्होंने लंबित 46 भू अर्जन के प्रकरणों में मुआवजा राशि वितरित कर प्रकरणों का समय सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कमिश्नर श्री तिवारी ने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों एवं तहसीलदार को निर्देश दिए की वह अपने कार्य के साथ-साथ ही विकास के कार्य में भी रुचि लेकर प्राथमिकता से विकास के कार्य करवाना भी सुनिश्चित करें। उन्होंने निर्देश दिए कि आरबीसी 6/4 में पीड़ितों को राहत राशि देने में अनावश्यक विलंब न किया जाए साथ ही अति वर्षा एवं बाढ़ से बचाव की पूर्व से ही तैयारी सुनिश्चित कर ली जाए। तत संबंध में सभी सुरक्षात्मक उपाय अपडेट रखा जाए। कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों को भी संज्ञान में लेकर कर्मियों को एवं अव्यवस्था तथा त्रुटियों को दूर कर कार्य करें। कमिश्नर श्री तिवारी ने कहा कि समाचार पत्र सही फीडबैक देते हैं अतः सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी प्रतिदिन समाचार पत्र में प्रकाशित खबरों पर संज्ञान अनिवार्य रूप से लेवे एवं तदनुसार अनुसार व्याप्त समस्याओं का निराकरण करें। कमिश्नर श्री तिवारी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को भी निर्देश दिए कि वह संभावित बाढ़ से बचाव के लिए अभी से सभी चिकित्सा उपकरण एवं दवाइयां तथा स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करके रखें। कमिश्नर ने संबल योजना व राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के प्रकरणों में हितग्राहियों को राहत राशि देने में अनावश्यक देरी करने पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि जो हितग्राही पात्र हैं उन्हें इन योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिया जाए। उन्होंने वन व्यवस्थापन, वन अधिकार के प्रकरण, कर्मचारियों की सेवा पुस्तिका अपडेट रखने, सर्विस बुक में सभी एंट्री करने के भी निर्देश दिए।
होटल एवं रेस्टोरेंट में दूषित खाद्य सामग्री की जांच की जाए
कमिश्नर श्री तिवारी ने फूड एंड सेफ्टी ऑफिसर को निर्देश दिए की बारिश के दौरान होटल और रेस्टोरेंटों में दूषित खाद्य सामग्री एवं मिलावटी सामग्री की बिक्री की संभावना बनी रहती है। ऐसे समस्त होटल एवं रेस्टोरेंटो का निरीक्षण कर दूषित व मिलावटी खाद्य सामग्री की जांच कर उन्हें प्राथमिकता से नष्ट करना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने निर्देश दिए की दुकानों में मिलने वाले मिलावटी वस्तुओं एवं सामग्री की भी जांच की जाए। मिष्ठान्नों का भी परीक्षण प्राथमिकता से किया जाए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला अस्पताल की अव्यवस्था सुधारे
कमिश्नर श्री तिवारी ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर गहलोत को निर्देश दिए कि वह जिला चिकित्सालय में व्याप्त अवस्थाओं को तत्काल सुधारे। कमिश्नर ने कहा कि आए दिन जिला चिकित्सालय के संबंध में जानकारी मिलती रहती है कि जिला चिकित्सालय में सीवेज का गंदा पानी आ रहा है। छत टपक रही है। डॉक्टर के बैठने के लिए कुर्सियां नहीं है, मरीज के परिजनों को स्वयं स्ट्रेक्चर धकेलना पड़ रहा है। कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि यह स्थिति ना हो सभी कर्मियों को तत्काल दूर किया जाए और दिन तथा रात्रि में मरीजों तथा अस्पताल स्टाफ की आवश्यक सुरक्षा के भी इंतजाम किए जाएं। कमिश्नर ने निर्देश दिए की मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी जिला चिकित्सालय का रिव्यू अनिवार्य रूप से करें।
कमिश्नर ने छात्रावासों एवं स्कूलों का निरीक्षण करने के दिए निर्देश
कमिश्नर श्री तिवारी ने कलेक्टर को निर्देश दिए कि वह पुनः एक बार फिर अधिकारियों की निरीक्षण टीम बनाये। उक्त अधिकारीगण छात्रावासों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, शासकीय उचित मूल्य दुकानों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों आदि का निरीक्षण करें एवं निरीक्षण के दौरान व्याप्त पाई गई कमियों को भी प्राथमिकता से दूर करें। कमिश्नर ने निर्देश दिए की सभी आंगनवाड़ी, स्कूल, शासकीय उचित मूल्य दुकान, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अपने निर्धारित समय पर खुलें। सभी शिक्षक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता डॉक्टर और अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी समय पर अपने कार्यालय में उपस्थित रहे। आंगनबाड़ी के सभी बच्चों को पोषण आहार समय पर प्राप्त हो जाए। सभी गर्भवती महिलाओं का स्वास्थ्य विभाग पंजीयन प्राथमिकता से कर लें एवं उन्हें सभी आवश्यक टीके भी लगाना सुनिश्चित करें। कमिश्नर श्री तिवारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल कनेक्शन की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग 31 जुलाई तक हर घर नल कनेक्शन के अंतर्गत सभी घरों में नल कनेक्शन लगाना सुनिश्चित करें। कमिश्नर ने सभी अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह श्री अन्न फसल को अन्य फसलों की गिरदावरी के साथ शामिल करते हुए फसल गिरदावरी कराए एवं फसल गिरदावरी को पोर्टल में अनिवार्य रूप से अपलोड करें। उन्होंने मूंग खरीदी की सभी तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए और कहां की खाद का वितरण सुचारू रूप से किया जाए। सभी किसानों को डीएपी की जगह एनपीके के उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाए। कमिश्नर ने मनरेगा के अंतर्गत किए गए कार्यों का श्रमिकों को भुगतान करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी जनपद पंचायत कार्यालय में स्वच्छता का विशेष रूप से ध्यान रखने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी जनपद पंचायत कार्यालय में टॉयलेट अनिवार्य रूप से बनाएं जाए। कमिश्नर ने सभी एसडीएम एवं नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए की नाली और नालों में आवश्यक सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर लें और यदि कोई भवन जर्जर है तो उसे डिस्मेंटल करने की कार्रवाई भी करें। कमिश्नर ने कहा कि डेंगू व मलेरिया से बचाव के भी संभावित उपाय करते हुए सभी आवश्यक दवाइयां की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी नगर पालिका अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह कचरे का प्रबंध अनिवार्य रूप से करें और सभी दुकानदार व सब्जी विक्रेताओं को समझाइश दे कि वह अपने आसपास साफ सफाई रखेंगे। कमिश्नर ने निर्देश दिए कि निराश्रित मवेशी सड़कों पर किसी भी हाल में ना बैठे पाए जाएं । ऐसे निराश्रित मवेशियों को प्राथमिकता से गौशालाओं में शिफ्ट किया जाए।
कलेक्टर सभा कक्ष में आयोजित बैठक में कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सौजान सिंह रावत, संयुक्त आयुक्त विकास श्री जी सी दोहर, सभी अनु विभाग के अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, समस्त जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गण, समस्त नगर पालिका अधिकारी गण एवं संबंधित विभाग के अधिकारी गण उपस्थित थे।







