स्मार्ट मीटर लगाए जाने के विरोध में कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

Join Us

स्मार्ट मीटर, बिजली कटौती और एवरेज बिल देना तत्काल बंद करे बिजली कंपनी नहीं तो होगा उग्र आंदोलन – पंकज शर्मा
सीहोर। गुरुवार को जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर बालागुरु के. को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने सीहोर जिले में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा की जा रही मनमानी एवं अनियमितताओं की ओर कलेक्टर का ध्यान आकर्षित कराया। इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि सीहोर जिले में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर पर रोक लगाने, मेंटेनेंस के नाम पर की जा रही घोषित सहित अघोषित बिजली कटौती तत्काल बंद करने सहित कंपनी द्वारा एवरेज बिल के नाम पर उपभोक्ताओं को दिए जा रहे भारी भरकम राशि के बिलों पर जिला प्रशासन द्वारा तुरंत रोक लगाई जानी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान समय में सीहोर जिले में विद्युत वितरण कंपनी द्वारा लोगों के घरों में अनावश्यक रूप से स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं, साथ ही पुराने मीटर में गड़बड़ी होने तथा जांच के बाद जुर्माने की बात कहकर उपभोक्ताओं को डराया भी जा रहा है। जिले में लगभग 90 फीसदी से भी अधिक पुराने मीटर अभी अच्छी हालत में हैं इसलिए ये बदलाव ना केवल गैरजरूरी है बल्कि सरकारी राशि की फिजूलखर्ची से ज्यादा कुछ भी नहीं है तथा जनता द्वारा इसका काफी विरोध भी देखने में आ रहा है, जिससे किसी बड़े विवाद की स्थिति भी निर्मित हो सकती है इसलिए जिला प्रशासन द्वारा इनको लगाने पर तत्काल रोक लगाने का निर्देश कंपनी के अधिकारियों को दिया जाए। पंकज शर्मा ने कहा कि इसके साथ ही जिला प्रशासन द्वारा सीहोर जिले में मेंटेनेंस के नाम पर की जा रही बेतहाशा घोषित और अघोषित विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगाने के साथ ही कंपनी द्वारा एवरेज बिल के नाम पर उपभोक्ताओं को थमाए जा रहे भारी भरकम राशि के बिलों पर भी तुरंत रोक लगाने के निर्देश बिजली कंपनी को देकर आम जनता को राहत प्रदान की जाए। पंकज शर्मा ने अंत में कहा कि यदि जिला प्रशासन ने उनकी मांगों को तत्काल नहीं माना और बिजली कंपनी की मनमानी और अव्यवस्थाओं पर रोक नहीं लगाई गई तो जनहित में कांग्रेस पार्टी द्वारा बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी संपूर्ण जवाबदारी सीहोर जिला प्रशासन और बिजली कंपनी के अधिकारियों के तानाशाह तथा लापरवाहीपूर्ण रवैए की रहेगी।

Previous articleविद्युत मण्डल की मनमानी के विरोध में शहर कांग्रेस का जनहित में धरना प्रदर्शन आज
Next articleटेंट सिटी के रूप में बदला कुबेरेश्वरधाम-शनिवार से आरंभ होगा गुरु पूर्णिमा महोत्सव