मौसम विभाग ने जारी की अति भारी बारिश की चेतावनी

Join Us

 भोपाल सहित प्रदेश के 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
भोपाल (ए.)। राजधानी में सोमवार सुबह से बादल छाए रहे। थोड़ी-थोड़ी देर बाद बुंदाबांदी भी होती रही। उधर अलग-अलग स्थानों पर बनी छह मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मध्य प्रदेश में अनेक स्थानों पर वर्षा हो रही है। मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी वीएस यादव ने बताया कि अभी तीन-चार दिन तक प्रदेश के अधिकतर जिलों में रुक-रुककर वर्षा का सिलसिला बने रहने की संभावना है।
दक्षिण-पश्चिम मानसून रविवार को पूरे देश में छा गया है। बंगाल की खाड़ी में पश्चिम बंगाल और उससे लगे बांग्लादेश के तट पर एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात भी संबद्ध है। अगले दो दिन में इसके ओडिशा, झारखंड की तरफ बढऩे के आसार हैं। दक्षिणी राजस्थान और उससे लगे गुजरात पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से एक द्रोणिका बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र तक बनी हुई है, जो मध्य प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़ और उत्तरी ओडिशा से होकर जा रही है।
कई स्थानों पर होगी भारी वर्षा
इसके अलावा उत्तरी हरियाणा में हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना है। दक्षिण उत्तर प्रदेश पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इसके अतिरिक्त उत्तरी अरब सागर में भी हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि पूरे देश में मानसून छाने के साथ ही मानसून द्रोणिका भी सक्रिय हो गई है। मौजूदा स्थिति को देखते हुए पूर्वी एवं उत्तरी मध्य प्रदेश में कई स्थानों पर अति भारी वर्षा भी हो सकती है।

Previous articleहमारी संस्कृति सभी जीवों में ईश्वर की उपस्थिति को देखती है : राष्ट्रपति मुर्मू
Next articleजसपाल सिंह अरोरा ने दी नवनियुक्त भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को बधाई, वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों से भी की मुलाकात