अगले हफ्ते हवाई सुरक्षा चिंताओं पर चर्चा करेगी संसदीय समिति

Join Us

नई दिल्ली (आरएनएस)। परिवहन, पर्यटन और संस्कृति पर संसदीय स्थाई समिति ने वायु सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करने का फैसला किया है. जनता दल यूनाइटेड सांसद संजय झा की अध्यक्षता वाली यह समिति जुलाई के पहले सप्ताह में एक व्यापक बैठक आयोजित करेगी. जुलाई में बुलाई गई इस बैठक में विमानन क्षेत्र के विभिन्न हितधारकों के साथ चर्चा होने की उम्मीद है। बैठक में मुख्य तौर पर प्रमुख विमानन कंपनियां बोइंग और एयर इंडिया को तलब किए जाने की संभावना है. इसमें नागरिक उड्डयन मंत्रालय, ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी और डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन के शीर्ष अधिकारी भी बुलाए जाएंगे.इसके अलावा बैठक में हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों और वाणिज्यिक एयरलाइनों के प्रतिनिधियों के भाग लेने की भी उम्मीद है. इस बैठक में पूर्व नागरिक उड्डयन मंत्रियों और रिटायर पायलटों को भी उनके अनुभव साझा करने के लिए आमंत्रित किया जा सकता है. बैठक में समिति अपने निष्कर्षों को अंतिम रूप देगी।

और संसद के मानसून सत्र में एक रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी.
जुलाई के पहले सप्ताह में होने वाली बैठक से पहले समिति 29 जून को गंगटोक की यात्रा करेगी. इसके लिए समिति ने एयर इंडिया की उड़ान में यात्रा करने का फैसला किया है. सूत्रों का कहना है कि समिति के अध्यक्ष ने हाल ही में हुई दुर्घटना के बाद एयरलाइन में यात्रा का प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त करने के लिए यह सचेत निर्णय लिया है.
कहा जा सकता है कि आज की बैठक के बाद अब एयरलाइन कंपनियों पर सुरक्षा मानकों पर खरे उतरने का दबाव तो बनेगा ही साथ ही जिस तरह से अलग अलग एयरलाइंस की फ्लाइट्स तकनीकी खामियों को लेकर बार बार रद्द की जा रहीं हैं उसमें भी सुधार आने की संभावनाएं बढ़ीं हैं.
००

Previous articleयूपी-एमपी से हथियार खरीद रहे पंजाब के आतंकी संगठन, एनआईए जांच में बड़ा खुलासा
Next articleभोपाल में कोरोना के नए वेरिएंट के 28 मरीज मिले – 44 नमूनों की जीनोम सिक्वेसिंग में मिले