अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने इजरायल पर 1,500 किलो विस्फोटक वाली खोर्रमशहर-4 बैलिस्टिक मिसाइल दागी

Join Us

तेहरान (ए)। अमेरिकी हमलों से बौखलाए ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने रविवार को इजरायल पर 40 मिसाइलों से बड़ा हमला किया है। इसमें ईरान की शक्तिशाली खोर्रमशहर-4 बैलिस्टिक मिसाइलें भी शामिल हैं। इनमें प्रत्येक में 1,500 किलोग्राम विस्फोटक ले जाने की क्षमता है। ईरान का दावा है कि उसने मिसाइलों से इजरायल का बेन गुरियन हवाई अड्डा, एक जैविक अनुसंधान सुविधा, रसद ठिकानों, कई कमांड और नियंत्रण केंद्रों को निशाना बनाया है।इजरायली अधिकारियों ने बताया कि ईरानी हमले में 80 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिसमें कई को मामूली चोट आई है। इजरायली बलों ने बताया कि उसने ईरानी लॉन्चरों को तुरंत निष्क्रिय कर दिया, जिससे ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, तेल अवीव में एक बहुमंजिला इमारत क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद इजरायल ने भी पश्चिमी ईरान और तेहरान के दक्षिण में कोम और यज़्द शहर में सैन्य केंद्रों पर जवाबी हमले किए, जिसमें आईआरजीसी के 9 सदस्य मारे गए।ईरान द्वारा विकसित खोर्रमशहर-4 बैलिस्टिक मिसाइल की रेंज 2,000 किलोमीटर है। यह इजरायल, मिस्र, सऊदी अरब और नाटो में शामिल रोमानिया, बुल्गारिया और ग्रीस को पश्चिमी ईरान से निशाना बना सकती है। यह 1,500 किलोग्राम विस्फोटक, कलस्टर और रसायनिक विस्फोटक ले जाने की क्षमता रखता है, इसलिए यह ईरान की घातक मिसाइलों में एक है। इसकी गति वायुमंडल के बाहर लगभग 19,600 किमी प्रति घंटा (मैक 16) और वायुमंडल के अंदर 9,800 किमी प्रति घंटा (मैक 8) हो सकती है।

Previous articleउत्तर कोरिया ने ईरान पर अमेरिकी हमले की निंदा की, जानिए क्या कहा
Next articleइजरायल ने ईरान के 6 हवाई अड्डों पर किया हमला, 15 लड़ाकू विमान और हेलीकॉप्टर नष्ट