कश्मीर में वंदे भारत ट्रेन चलने से हवाई उड़ानों की संख्या में आई कमी

Join Us

-ट्रेन में 25 जुलाई तक वेटिंग, किराया कम होने से लोग कर रहे पसंद
श्रीनगर,(ए)। कटरा से श्रीनगर के बीच शुरू वंदे भारत को अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। 7 जून को शुरू दो जोड़ी ट्रेनें 25 जुलाई तक फुल हैं। अब हर दिन बुकिंग की मांग बढ़ रही है। आईआरसीटीसी के रिजर्वेशन पोर्टल पर 25 जुलाई से पहले इनमें लंबी वेटिंग या नो रूम है। इसके बाद सीटें खाली हैं, हालांकि रिजर्वेशन लगातार हो रहे हैं।
इन ट्रेनों ने घाटी में आवागमन का नया विकल्प दिया है, जिससे पर्यटकों और व्यापारियों को राहत मिली है। इस ट्रेन का विमान से किराया कम होने से बड़ी संख्या में पर्यटक ट्रेन से जाना पसंद कर रहे हैं। इससे हवाई उड़ानों की संख्या आधी रह गई है। पहलगाम हमले से एक दिन पहले 21 अप्रैल को श्रीनगर से 104 उड़ानें थीं। इनसे 19,641 यात्रियों ने सफर किया था लेकिन 22 अप्रैल और उसके बाद ट्रेन सेवा शुरू होने से उड़ानें घटी हैं। फिलहाल रोज 48 से 52 फ्लाइट्स हैं।
श्रीनगर एयरपोर्ट पर 19 जून को 4,293 यात्री पहुंचे और 3,724 ने उड़ान भरी। विमानों में 15 फीसदी तक सीटें खाली रही। एक एयरलाइन कंपनी के अधिकारी ने कहा कि ट्रेन के कारण उड़ाने और यात्री कम हुए हैं। विमानन कंपनियों ने फिलहाल 50 फीसदी उड़ानें कम कर दी हैं। पहले दिल्ली-श्रीनगर विमान किराया 12 से 15 हजार रुपए था। हालांकि, वंदे भारत शुरू होने के बाद 6 से 8 हजार रुपए रह गया है।
बता दें पीएम मोदी ने 6 जून को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई थी। कटरा-श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस के टिकट रेल की वेबसाइट से बुक किए जा सकते हैं। ट्रेन में दो ट्रैवल क्लास हैं। चेयरकार का किराया 715 रुपए और एक्जीक्यूटिव क्लास का किराया 1320 रुपए है। हफ्ते में 6 दिन दो ट्रेनें कटरा और श्रीनगर के बीच चलेंगी। अभी ये ट्रेनें सिर्फ बनिहाल में रुकेंगी, अन्य स्टॉपेज पर फैसला बाद में किया जाएगा।

Previous articleईरान-इजरायल युद्ध से भारत में नौकरियों पर मंडराया खतरा, सर्वे में किया दावा
Next articleईरान-इजरायल तनाव में अमेरिका की एंट्री, महबूबा मुफ्ती ने ओआईसी और पाकिस्तान पर साधा निशाना