भोपाल(ए)। अशोका गार्डन थाना इलाके के सेमरा सब्जी मंडी के पास रहने वाले थाने के निगरानीशुदा बदमाश ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। फिलहाल खुदकुशी का सही कारण सामने नहीं आ सका है, मृतक के खिलाफ करीब दो दर्जन मामले दर्ज थे, और वह नशे का आदि था। थाना पुलिस ने बताया कि दिलीप नाथ पुत्र राधेश्याम (26) कोई काम नहीं करता था, और इलाके का निगरानी शुदा बदमाश था। परिवार वालो ने बताया की पांच भाईयो में दिलीप तीसरे नंबर का था। उसे शराब पीने की आदत थी। थाना अशोका गार्डन में उसके खिलाफ दो दर्जन से अधिक केस दर्ज थे। उसके परिवार के पास दो मकान है, शन्नी शराब के नशे में परिवार वालो से झगड़ा करता था। बाद में वह परिवार से अलग आकर दूसरे मकान में अकेला रहने लगा था। गुरुवार शाम के समय उसका भाई उसे देखने गया तो वहॉ दिलीप का शरीर फांसी के फंदे पर लटका नजर आया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर शव को पीएम के बाद परिवार वालो को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि उसके पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। अनुमान है कि नशे का आदी होने के कारण ही उसने यह कदम उठाया होगा। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।








