मां राधारानी के अपमान वाले मामले में भी इसी प्रकार आगे आए थे पंकज शर्मा
भगवान चित्रगुप्त सबके पूजनीय उनका अपमान पूरे सनातन का अपमान – पंकज शर्मा
सीहोर। सीहोर के कथावाचक प्रदीप मिश्रा द्वारा कायस्थ समाज के आराध्यदेव भगवान चित्रगुप्त यमराज पर की गई अशोभनीय टिप्पणी के चलते कायस्थ समाज में प्रदीप मिश्रा के विरुद्ध जबरदस्त आक्रोश देखा जा रहा है और समाज द्वारा पूरे देश में उनसे भगवान चित्रगुप्त के सामने नाक रगड़कर माफी मांगने की मांग की जा रही है लेकिन कथावाचक प्रदीप मिश्रा इस प्रकार माफी मांगने को बिल्कुल भी तैयार नहीं हैं, जिससे ये विवाद खत्म होने के बजाय बढ़ता ही जा रहा है। इस सारे विवाद के बीच कथावाचक प्रदीप मिश्रा के गृह जिले सीहोर में इस सारे विवाद को खत्म करने के लिए उनके ही समाज से आने वाले सर्व ब्राह्मण समाज के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने एक अनूठी पहल की है, उन्होंने प्रदीप मिश्रा की ओर से भगवान चित्रगुप्त के मंदिर पहुंचकर प्रभु के चरणों में दंडवत प्रणाम कर तथा अपनी नाक रगड़कर प्रभु से माफी मांगी है तथा प्रभु से प्रदीप मिश्रा को माफ करते हुए सद्बुद्धि देने की भी प्रार्थना की है। पंकज शर्मा ने इसके साथ ही पूरे देश के कायस्थ समाज से प्रदीप मिश्रा की तरफ से माफी मांगते हुए समाजजनों से उनको माफ कर मामले को यहीं समाप्त करने की अपील भी की है। पंकज शर्मा ने कहा है कि भगवान चित्रगुप्त सिर्फ कायस्थ समाज आराध्य देव हैं लेकिन वो सभी समाजों के लिए पूजनीय हैं और उनके अपमान से पूरे सनातन धर्म को मानने वालों को ठेस पहुंची है इसलिए वो भगवान चित्रगुप्त से और उनको आराध्य मानने वाले कायस्थ समाज से हृदय से माफी मांगते हैं और उन्हें पूरा भरोसा है कि भगवान चित्रगुप्त और कायस्थ समाज अब इस मामले में उनकी माफी को स्वीकार करते हुए कथावाचक प्रदीप मिश्रा को क्षमा कर मामले को आगे ना बढ़ाते हुए अब इसका पटाक्षेप कर देंगे। ज्ञातव्य है कि कथावाचक प्रदीप मिश्रा द्वारा पूर्व में मां राधारानी पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने पर पंकज शर्मा ने ग्वालटोली स्थित राधेश्याम मंदिर पहुंचकर मां राधारानी के सम्मुख भी दंडवत होकर नाक रगड़ते हुए माफी मांगी थी और मां राधारानी से भी प्रदीप मिश्रा को क्षमा करते हुए सद्बुद्धि देने की प्रार्थना की थी।








