बेंगलुरू भगदड़ मामला: मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये देगी आरसीबी, दर्ज हुई एफआईआर

Join Us

नई दिल्ली(आरएनएस)। आईपीएल 2025 की विजेता रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने बुधवार को बेंगलुरु में एम चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर मची भगदड़ में मारे गए 11 लोगों के परिवारों में प्रत्येक को 10 लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। वहीं, आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्सं बेंगलुरु (आरसीबी), डीएनए (इवेंट मैनेजमेंट कंपनी) और कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) की प्रशासनिक समिति और अन्य के खिलाफ कब्बन पार्क पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई है।आरसीबी ने गुरूवार को जारी आधिकारिक बयान में कहा, बेंगलुरु में हुई इस भगदड़ की घटना से हमें गहरा दु:ख और पीड़ा पहुंची है। घटना में मारे गए 11 लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए हम हर एक को 10 लाख रुपये की मदद देने की घोषणा करते हैं। टीम ने बयान में कहा, इसके अतिरिक्त हम इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों की मदद के लिए आरसीबी केयर्स नामक कोष बनाने की भी घोषणा करते हैं। हमारे प्रशंसक हमेशा हमारे दिलों में हमारे साथ रहेंगे। इस दु:ख की घड़ी में हम उनके साथ हैं। इससे पहले राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपए मुआवजा देने और घायलों का सरकार की तरफ से मुफ्त इलाज कराने की घोषणा की है।एफआईआर में भगदड़ की घटना में आपराधिक लापरवाही की बात कही गई है। समाचार एजेंसी ने गुरुवार को बताया कि इस मामले में धारा 105, 125 (1)(2), 132, 121/1, 190 आर/डब्ल्यू 3(5) के तहत शिकायत दर्ज की गई है। बंगलूरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम के पास हुई भगदड़ की मजिस्ट्रेट जांच की जा रही है। इस जांच का नेतृत्व कर रहे बंगलूरू शहरी उपायुक्त (डीसी) जी जगदीश ने गुरुवार को कहा कि कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पुलिस आयुक्त बी दयानंद को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने चिन्नास्वामी स्टेडियम का निरीक्षण किया, जहां बुधवार को भगदड़ मची थी। जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे।

Previous articleतो वापस चले जाओ’, पाकिस्तानी नागरिक को सुप्रीम कोर्ट की दो टूक
Next articleडीजे की आवाज से बच्ची को आया हार्ट अटैक, अस्पताल में तड़पती रही बच्ची और पिता से कागज मांगता रहा डॉक्टर