पाकिस्तान में सुरक्षा बलों का बड़ा अभियान, 14 आतंकवादी ढेर

Join Us

पेशावर, (आरएनएस)। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने उत्तर-पश्चिम पाकिस्तान के अफगानिस्तान सीमा से सटे एक कबायली जिले में बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को सैन्य मीडिया विंग ने जानकारी दी कि खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए इस अभियान में 14 आतंकवादियों को मार गिराया गया है। इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह अभियान 2 और 3 जून, 2025 को उत्तरी वजीरिस्तान जिले के दत्ता खेल में चलाया गया, जहाँ आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। बयान में कहा गया कि सुरक्षा बलों ने इलाके में एक आतंकवादी ठिकाने पर छापा मारा। इस दौरान हुई भीषण गोलीबारी में 14 आतंकवादी मारे गए। बयान में यह भी कहा गया कि क्षेत्र में अन्य आतंकवादियों का सफाया करने के लिए अभियान अभी भी जारी है। पाकिस्तानी सुरक्षा बल देश से आतंकवाद के खतरे को पूरी तरह से खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और लगातार काम कर रहे हैं।यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब हाल ही में तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान के कम से कम 41 आतंकवादी अफगानिस्तान से पाकिस्तान में घुसपैठ की कोशिश के दौरान उत्तरी वजीरिस्तान के कबायली जिले बिबक घर इलाके के पास मुठभेड़ में मारे गए थे। मारे गए आतंकवादियों में से अधिकांश अफगान नागरिक थे।गौरतलब है कि टीटीपी की जड़ें अफगानिस्तान के तालिबान आंदोलन से जुड़ी हुई हैं, लेकिन यह संगठन पाकिस्तान में स्वतंत्र रूप से सक्रिय है। इसकी स्थापना बैतुल्लाह महसूद ने की थी, जो दक्षिण वजीरिस्तान के एक प्रभावशाली नेता थे। टीटीपी कई छोटे-बड़े गुटों का एक गठबंधन है, जिसने 2020 के बाद से कई बिखरे हुए गुटों को फिर से संगठित किया है। संगठन ने खासकर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान जैसे क्षेत्रों में अपने हमलों में तेजी लाई है।

Previous articleमध्यप्रदेश की टूरिज्म पॉलिसी निवेशकों के अनुकुल है : प्रमुख सचिव श्री शुक्ला
Next articleभारत विरोधी बयानबाजी पर फिर घिरे बिलावल भुट्टो, पत्रकार ने याद दिलाया भारत का जवाब