एलन मस्क और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के रिश्तों में दरार!, ‘टैक्स एंड स्पेंडिंग बिल’ को बताया घिनौना और शर्मनाक

Join Us

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और दिग्गज टेक उद्यमी एलन मस्क के बीच खटास खुलकर सामने आ गई है। कभी ट्रंप के करीबी माने जाने वाले मस्क ने अब उनकी सरकार द्वारा समर्थित एक प्रमुख टैक्स एंड स्पेंडिंग बिल की कड़ी आलोचना की है। एक्स पर की गई एक पोस्ट में मस्क ने इस बिल को घिनौना और शर्मनाक करार दिया है।
एलन मस्क ने कहा, मुझे खेद है, लेकिन मैं इसे और बर्दाश्त नहीं कर सकता। यह विशाल, अपमानजनक बिल है। इसके लिए मतदान करने वालों को शर्म आनी चाहिए। आप जानते हैं कि आपने गलत किया है। आप यह जानते हैं। यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब ट्रंप ने सीनेट रिपब्लिकन से इस विधेयक को पारित करने की अपील की है, जिसे उन्होंने बिग, ब्यूटीफुल बिल कहा है। यह बिल पहले ही प्रतिनिधि सभा में पारित हो चुका है। मस्क की यह नाराजगी तब सामने आई है जब उन्होंने हाल ही में ट्रंप प्रशासन से किनारा कर लिया। उनकी टीम, जिसे ‘डोगे’ के नाम से जाना जाता है, ने 129 दिनों तक लागत में कटौती और रणनीतिक फैसलों पर काम किया। इसके बाद मस्क ने सरकारी भूमिका छोडक़र दोबारा अपने व्यवसाय पर ध्यान केंद्रित करने का फैसला किया।
यह ट्रंप प्रशासन से अलग होने के बाद मस्क की पहली सार्वजनिक असहमति है। इससे पहले भी उन्होंने इस योजना को निराशाजनक बताया था। हालांकि ट्रंप ने मस्क की विदाई के वक्त कहा था, वह हमेशा हमारे साथ रहेंगे और हर तरह से मदद करेंगे।
वहीं, व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने मस्क की आलोचना को राजनीतिक रूप से प्रेरित और तथ्यहीन बताया। प्रवक्ता ने कहा कि यह बिल अमेरिकी जनता की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है, जिसमें इंफ्रास्ट्रक्चर, रक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधान शामिल हैं। उन्होंने मस्क की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी अरबपति व्यवसायी द्वारा इस तरह की व्यक्तिगत राय देना उचित नहीं है।

Previous articleपड़ोसी दुकानदार का नौकर निकला मोबाइल व्यापरी से लूट का मास्टर माइंड
Next articleपर्यावरण और जल संकट के चलते मुस्लिम देश मोरक्को ने कुर्बानी पर लगाई रोक