जहरीली पनीर फैक्ट्री पर कार्रवाई को लेकर संभागायुक्त को सौंपा ज्ञापन

Join Us

 पनीर फैक्ट्री मालिक किशन मोदी पर मुकदमा कायम कर जेल भेजा जाए – पंकज शर्मा
सीहोर । जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने भोपाल पहुंचकर संभागायुक्त संजीव सिंह को एक ज्ञापन सौंपा । ज्ञापन के माध्यम से पंकज शर्मा ने संभागायुक्त से सीहोर के समीपस्थ पिपलिया मीरा गांव स्थित जय श्री गायत्री फूड प्रॉडक्ट्स प्रालि और मिल्क मैजिक पनीर फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा की जा रही गंभीर अनियमितताओं को लेकर उसके ऊपर कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की । इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि सीहोर के समीपस्थ पिपलिया मीरा गांव स्थित जय श्री गायत्री फूड प्रॉडक्ट्स प्रालि और मिल्क मैजिक पनीर फैक्ट्री प्रबंधन शुरू से ही विवादों के घेरे में रहा है और इसके द्वारा लगातार अनियमितताएं की जाती रही हैं । इसके द्वारा पॉम ऑयल, जहरीले केमिकल और पशु चर्बी मिलाकर दुग्ध उत्पाद बनाए जाते हैं और जहरीला पानी बिना ट्रीट किए खुले में छोड़ दिया जाता है, साथ ही इस पर गलत तरीके से बैंक लोन लेने का भी मामला चल रहा है तथा इस पर बिजली चोरी के भी आरोप हैं, इतना ही नहीं किशन मोदी और उसका पिता राजेंद्र मोदी धोखाधड़ी के मामले में जेल भी जा चुका है । पंकज शर्मा ने कहा कि इसकी शिकायत हमारे द्वारा कई बार सीहोर जिला प्रशासन से की गई है लेकिन फिर भी इस पर कोई कार्रवाई जिला प्रशासन द्वारा नहीं की गई है और इसकी मनमानियां निरंतर जारी हैं तथा जिला प्रशासन की हीलाहवाली से इसके हौसले और बुलंद हो गए हैं और ये खुलेआम कानून की धज्जियां उड़ा रहा है तथा इसे किसी का भय नहीं है और अब ये इतनी नीचता पर उतर आए हैं कि अपने यहां काम करने वाले गरीब मजदूरों और कर्मचारियों का ईपीएफ का पैसा भी खाकर विदेश भागने की फिराक में हैं । पंकज शर्मा ने संभागायुक्त संजीव सिंह से लोगों को जहर बांटने वाली इस जहरीली पनीर फैक्ट्री के प्रबंधन और इसके मालिक किशन मोदी के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने तथा कर्मचारियों का ईपीएफ का पैसा तत्काल दिलाए जाने का निर्देश सीहोर जिला प्रशासन को देने की मांग की है, जिससे कि कर्मचारियों के परिवारों पर आर्थिक संकट ना उत्पन्न हो और वो सुचारू रूप से जीवनयापन कर सकें तथा भविष्य में कोई भी व्यक्ति अपने धनबल से कानून को ठेंगा दिखाने का साहस ना कर सके ।

Previous articleशहर के चर्च मैदान पर बेबी लीग फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन
Next articleआज किया जाएगा आन लाइन शिव महापुराण का विश्राम, कुबेरेश्वरधाम पर उमड़ा आस्था का सैलाब