नई दिल्ली, (आरएनएस)। राजधानी दिल्ली के छतरपुर इलाके के 60 फीट रोड स्थित 22 नंबर गली में सोमवार सुबह एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई. इस इमारत के दूसरे माले पर एक कॉल सेंटर का कार्यालय है, जहां सुबह के समय आग भडक़ उठी. आग इतनी भयानक थी कि देखते देखते ही कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत धुएं के गुबार में डूब गई.दमकल विभाग को सुबह करीब 8:27 बजे बहुमंजिला इमारत में आग की सूचना मिली, जिसके बाद तुरंत 4 फायर टेंडर मौके पर भेजे गए. दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया. फिलहाल कूलिंग का कार्य जारी है ताकि दोबारा आग न भडक़े.आस पास के लोगो ने बताया की आग इमारत के दूसरे माले पर स्थित कॉल सेंटर ऑफिस में लगी. सौभाग्यवश, घटना के वक्त कॉल सेंटर खुला नहीं था क्योंकि यह सुबह का समय था और ऑफिस का स्टाफ अभी नहीं पहुंचा था. आग लगने के समय सिर्फ एक सफाई कर्मचारी मौजूद था, जो समय रहते बाहर निकलने में सफल रहा।
इस वजह से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है.
अभी तक आग लगने के कारणों की स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है, लेकिन बताया जा रहा है की ये आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी हालाकि ये जांच का विषय है. दमकल विभाग द्वारा जांच जारी है.स्थानीय लोगों ने समय पर दमकल विभाग को सूचना दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. इस घटना ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि बहुमंजिला इमारतों में अग्नि सुरक्षा के क्या पर्याप्त इंतजाम हैं. गनीमत रही कि जान-माल का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ.








