नर्मदापुरम की 10 हजार से अधिक महिलाएं भोपाल में आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन में बनी सहभागी

Join Us

लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में हुआ भव्य आयोजन

नर्मदापुरम/भोपाल के जम्बूरी मैदान में शनिवार को मध्य प्रदेश शासन द्वारा आयोजित महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं गरिमा के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती के अवसर पर किया गया। उक्त कार्यक्रम में भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और अपने प्रेरणादायी भाषण से उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जनकल्याणकारी कार्यों और महिला सशक्तिकरण में उनके अद्वितीय योगदान का स्मरण किया। इस अवसर पर नर्मदापुरम जिले से आजीविका मिशन के अंतर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों की 10,354 महिलाओं ने सहभागिता दर्ज की। प्रातःकाल से ही महिलाओं का जम्बूरी मैदान में उत्साहपूर्वक आगमन आरंभ हो गया था। सभी ने एकजुटता और आत्मविश्वास के साथ सम्मेलन में भाग लेकर नारी शक्ति का प्रदर्शन किया। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने संबोधन में देश में महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में हो रहे उल्लेखनीय प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और स्वयं सहायता समूहों की दीदीयाँ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। उन्होंने “दीदीयों को लखपति बनाने” के अभियान के तहत आजीविका मिशन की विशेष सराहना करते हुए इसे सामाजिक व आर्थिक परिवर्तन की दिशा में एक सशक्त कदम बताया। शासन द्वारा चलाई जा रही महिला कल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री श्री मोदी ने नारी शक्ति को आत्मनिर्भर भारत की आधारशिला बताया। कार्यक्रम के माध्यम से प्रदेशभर की महिलाओं को नई ऊर्जा, प्रेरणा और सशक्तिकरण का संदेश दिया। नर्मदापुरम की महिलाओं की प्रभावशाली भागीदारी इस आयोजन की एक विशेष उपलब्धि रही।

Previous articleजिला माहेश्वरी महिला मंडल आत्मरक्षा शिविर सेल्फ डिफेंस का आयोजन
Next articleमुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 3 जून को पचमढ़ी में लेंगे कैबिनेट बैठक