न्यूयार्क,(ए)। दुनिया की सबसे बेहतरीन अंतरिक्ष दूरबीन जेम्स वेब स्पेस टेलीस्कोप ने ब्रह्मांड की अब तक की सबसे गहरी तस्वीर खींची है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) ने इस तस्वीर में घुमावदार रौशनी की जो आड़ी-टेढ़ी कमानें दिख रही हैं, वे ब्रह्मांड के शुरुआती दौर की आकाश गंगा हैं। इन रहस्यमयी तस्वीरों को खींचने में टेलीस्कोप को 120 से ज्यादा घंटे लगे। जो अब तक किसी एक लक्ष्य पर टेलीस्कोप का सबसे लंबा फोकस है। ईएसए के मुताबिक यह वेब की अब तक की सबसे गहरी निगाह है किसी एक लक्ष्य पर। तस्वीर के बीचों-बीच एक विशाल गैलेक्सी क्लस्टर नजर आता है, जो पृथ्वी से 4.5 अरब प्रकाशवर्ष दूर है, लेकिन वैज्ञानिकों का असली ध्यान इस क्लस्टर पर नहीं, इसके पीछे की चीज़ों पर है। इतना बड़ा खगोलीय पिंड अपने पीछे मौजूद आकाशगंगाओं की रोशनी को मोड़ देता है। इसे गुरुत्वीय लेंसिंग कहते हैं। एक तरह की प्राकृतिक दूरबीन जो दूर की रोशनी को बड़ा और स्पष्ट दिखाती है।
इस वजह से इस तस्वीर में जो घुमावदार रोशन कमानें नजर आ रही हैं, वे वास्तव में वह आकाशगंगाएं हैं जो ब्रह्मांड की शुरुआत में अस्तित्व में आई थीं। वैज्ञानिकों का मानना है कि इन आकाशगंगाओं को देखकर हम उस दौर को समझ सकते हैं जिसे कॉस्मिक डॉन यानी ब्रह्मांडीय प्रभात कहा जाता है, जब ब्रह्मांड सिर्फ कुछ लाख साल पुराना था। यह छवि 9 अलग-अलग इन्फ्रारेड वेवलेंथ पर ली गई है, जिससे गहराई और स्पष्टता पहले से कहीं ज्यादा है।
2022 में लॉन्च होने के बाद से जेम्स वेब टेलीस्कोप ने खगोल विज्ञान की दुनिया में कई बड़े खुलासे किए हैं। इसने ये भी दिखाया कि ब्रह्मांड की शुरुआती आकाश गंगाएं वैसे नहीं हैं जैसी वैज्ञानिकों ने उम्मीद की थी। वे कहीं ज्यादा विशाल और विकसित हैं। इससे कई विशेषज्ञों को लगता है कि शायद हमारी समझ में कहीं कोई कमी है।








