राजस्थान में मौसम का बदला मिज़ाज : तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश के आसार, कई जिलों में लू और उमस से राहत की उम्मीद

Join Us

जयपुर (आरएनएस)। राजस्थान में गर्मी से झुलसते लोगों के लिए राहत की खबर है। राज्य के ऊपर बने पूर्वी हवाओं के ट्रफ के चलते मौसम ने करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर के मुताबिक, आगामी दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, मेघगर्जन और बारिश का दौर शुरू होने वाला है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में लू से थोड़ी राहत भी मिलने के आसार हैं, हालांकि उमसभरी गर्मी से फिलहाल राहत नहीं मिल सकेगी।
दोपहर बाद बदल सकता है मौसम का मिजाज
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार (28 मई) दोपहर बाद जोधपुर, बीकानेर, अजमेर और जयपुर संभाग के कुछ भागों में तेज मेघगर्जन और अंधड़ चलने की संभावना जताई गई है। अंधड़ की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।
बारिश का दायरा बढ़ेगा, कई संभाग प्रभावित
आने वाले दो से तीन दिनों में राजस्थान के दक्षिण और पूर्वी हिस्सों में बारिश का प्रभाव और बढ़ सकता है। उदयपुर और कोटा संभाग के कई हिस्सों में मध्यम से तेज बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम सुहाना होने के आसार हैं। बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभाग में भी 29 और 30 मई को आंधी, बिजली गिरने और बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
लू से राहत, पर उमस बढ़ेगी
हालांकि बारिश की संभावना के बीच कुछ क्षेत्रों में भीषण गर्मी का असर अब भी बना रहेगा। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान के कुछ भागों में अधिकतम तापमान 45-46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। शेष राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। नमी की मात्रा अधिक होने के कारण लोगों को उमसभरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
सतर्कता जरूरी
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्कता बरतें।
तेज हवाओं और बारिश के दौरान खुले स्थानों में ना जाएं। किसान फसल की कटाई व भंडारण कार्य जल्द पूरा करें। गर्मी और उमस को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, और धूप में निकलते समय सावधानी बरतें।
मौसम विज्ञान केंद्र, जयपुर
यह मौसम अपडेट लगातार बदलते मौसमी सिस्टम पर आधारित है। अत: स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव संभव है। अद्यतन जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइट और सरकारी सूचनाओं पर नजर बनाए रखें।

 

Previous article60 फीट गहरी खाई में गिरी कार, गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर बड़ा हादसा, दो युवक गंभीर घायल
Next articleमुख्यमंत्री डॉ. यादव ने वीर सावरकर जी की जयंती पर किया नमन