उदयपुर (आरएनएस)। उदयपुर जिले के बेकरिया थाना क्षेत्र में सुबह गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर एक बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गई और फिर सडक़ के बीच बनी पुलिया से फिसलते हुए करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी। कार में सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।तेज रफ्तार और मोड़ ने ली वाहन से नियंत्रण हादसा अकियावड़ गांव के पास स्थित सुरंग के आगे एक तीखे मोड़ पर हुआ, जहां गुजरात से उदयपुर की ओर आ रही तेज रफ्तार कार अचानक संतुलन खो बैठी। डिवाइडर पर चढऩे के बाद कार पुलिया को पार करते हुए गहरी खाई में जा गिरी। गिरते ही कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे की आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर दौड़े। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोगों ने बिना देर किए खाई में उतरकर घायलों को कार से बाहर निकाला। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों युवकों को ऊपर सडक़ तक लाया गया। सूचना मिलते ही बेकरिया थाना प्रभारी उत्तम सिंह जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को तुरंत गोगुंदा हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें उदयपुर एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया।
कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त, युवकों की हालत गंभीर
हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए हैं। वहीं दोनों युवकों को सिर, छाती और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने कार को खाई से बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर गति नियंत्रण और सडक़ सुरक्षा की अहमियत को रेखांकित किया है। विकट मोड़ों और तेज रफ्तार का मेल अक्सर जानलेवा बन जाता है।








