देश की सुरक्षा और सामरिक शक्ति को नए आयाम देने वाले ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता में अहम योगदान देने वाले ब्रह्मोस एरोस्पेस के निदेशक एवं प्रबंध संचालक, डॉ. सुधीर मिश्रा आज पूरे देश में गर्व का विषय बने हुए हैं। संस्कारधानी जबलपुर के इस गौरवपुत्र ने ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाते हुए पाकिस्तान को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया।
देश की इस उपलब्धि के पीछे डॉ. मिश्रा की लगन, प्रतिभा और मातृसंस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसी भावना को सम्मानित करते हुए भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक शरद अग्रवाल ने आज जबलपुर स्थित उनके निवास पर जाकर उनकी पूज्य माताजी का अभिनंदन कर गौरव की अनुभूति प्राप्त की। श्री अग्रवाल ने कहा कि यह सम्मान उन सभी माताओं को समर्पित है जिनकी प्रेरणा और तपस्या से भारत माता आज सुरक्षित और सशक्त है। इस अवसर पर उनके अनुज राजीव मिश्रा उनकी पत्नी एवं पुत्र उपस्थित रहे। पूज्य माताजी को शाल, श्रीफल, पुष्पगुच्छ एवं भारत माता का चित्र भेंट किया ।
इस अभिनंदन की जानकारी जब दूरभाष पर डॉ. सुधीर मिश्रा को दी गई , तो वे भी भावुक हो उठे और अपनी माताजी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि “यह सम्मान वास्तव में मेरी माता का है, जिनके संस्कारों ने मुझे देशसेवा की प्रेरणा दी।”
देश आज ऐसे सपूतों और उनकी माताओं को नमन करता है, जिनके त्याग और तप से राष्ट्र निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।








