भारत में नहीं, अमेरिका में बनाओ आईफोन, ट्रंप की टिम कुक को खुली धमकी

Join Us

 बोले- नहीं माने तो 25 प्रतिशत टैरिफ लगाएंगे
नई दिल्ली (ए)। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को एप्पल के सीईओ टिम कुक को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिका में बिकने वाले आईफोन का उत्पादन अमेरिका में ही होना चाहिए, न कि भारत या किसी अन्य देश में। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो कम से कम 25 प्रतिशत टैरिफ लगाया जाएगा।अमेरिकी राष्ट्रपति ने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट में कहा, “मैंने बहुत पहले ही एप्पल के टिम कुक को बता दिया था कि मुझे उम्मीद है कि अमेरिका में बिकने वाले उनके आईफोन का प्रोडक्शन अमेरिका में ही होगा, भारत या किसी और जगह पर नहीं।”यह बयान तब आया है जब पिछले सप्ताह ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने कुक से भारत में प्लांट बनाने से मना कर दिया है। ट्रंप ने कहा था, “कल मुझे टिम कुक से थोड़ी परेशानी हुई। वो पूरे भारत में निर्माण कर रहे हैं। मैं नहीं चाहता कि आप भारत में प्रोडक्शन करें।” वर्तमान में एप्पल अपने अधिकांश आईफोन चीन में बनाता है और अमेरिका में उसका कोई स्मार्टफोन उत्पादन नहीं है। मार्च तक पिछले 12 महीनों में, एप्पल ने भारत में 22 बिलियन डॉलर के आईफोन असेंबल किए, जिससे पिछले साल की तुलना में उत्पादन में लगभग 60 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। मीडिया रिपोट्र्स के अनुसार, एप्पल कंपनी अपने देवनहल्ली प्लांट में 2.56 बिलियन डॉलर का निवेश करेगी। यह प्लांट बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से 34 किलोमीटर दूर, देवनहल्ली के डोड्डागोल्लाहल्ली और चप्परादाहल्ली गांवों में फैला हुआ है। इस साल दिसंबर 2025 तक यहां 100,000 आईफोन मैन्युफैक्चरिंग का लक्ष्य होने की संभावना है। एसएंडपी ग्लोबल के अनुसार, 2024 में अमेरिका में आईफोन की बिक्री 7.59 करोड़ यूनिट थी, जिसमें मार्च में भारत से निर्यात 31 लाख यूनिट था। इतना ही नहीं, केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अप्रैल में घोषणा की थी कि पिछले वित्त वर्ष में भारत से 1.5 लाख करोड़ रुपये के आईफोन निर्यात किए गए ताइवान की कंपनी फॉक्सकॉन और भारतीय कंपनी टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स भारत में एप्पल आईफोन की मैन्युफैक्चरिंग करती हैं। एप्पल के सीईओ टिम कुक ने हाल ही में कंपनी के तिमाही परिणामों के बाद कहा था कि जून तिमाही में अमेरिका में बिकने वाले अधिकतर आईफोन भारत में बने होंगे, क्योंकि एप्पल अपनी सप्लाई चेन को चीन से दूर भी कर रहा है।

Previous articleमंत्री विजय शाह ने तीसरी बार मांगी माफी, वीडियो जारी कर कहा ये भाषाई भूल थी, मैं बहन सोफिया और देश से माफी मांगता हूं
Next articleगिरफ्तार कथित जासूस तुफैल पाकिस्तान के 600 मोबाइल नंबरों पर भेजता था भारत का इनपुट