सीहोर। राज्य स्तरीय एमपी जैव विविधता क्विज प्रतियोगिता में नूतन स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। जिसमें मध्यप्रदेश के सभी 52 जिलों की भागीदारी रही और नूतन स्कूल सीहोर ने प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर अंतर्राष्ट्रीय जैव विविधता दिवस 2025 के अवसर पर एमपी राज्य जैव विविधता बोर्ड द्वारा सम्मानित किया गया है।
उक्त राज्य स्तरीय पुरस्कार समारोह का आयोजन भोपाल स्थित पी.सी. नरोंहा प्रशासन अकादमी में किया गया, जिसमें विशिष्ट अतिथियों ने नूतन स्कूल को ट्रॉफी और प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। यह पुरुस्कार म.प्र.शासन के वन एंव पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार एवं प्रधान मुख्य वन संरक्षक असीम श्रीवास्तव के मुख्य आतिथ्य में दिया गया। समारोह में मंत्री श्री दिलीप अहिरवार ने सभी को सम्बोधित करते हुए कहा कि नूतन स्कूल के छात्रों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से राज्य स्तर पर सीहोर जिले का नाम गर्व से ऊँचा किया है। पर्यावरण की रक्षा और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाना आज के समय की सबसे बड़ी ज़रूरत है। हमें आने वाली पीढिय़ों के लिए ऐसा समाज बनाना होगा, जहाँ विकास और प्रकृति साथ-साथ चलें। शिक्षा संस्थान इस सोच के बीज बोने का कार्य कर रहे हैं और यह पुरस्कार इसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर स्कूल प्राचार्य सुरेश त्यागी ने बच्चों को शुभकामनाऐं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पर्यावरणीय शिक्षा में हमारे निरंतर प्रयासों का सजीव उदाहरण है। हमें इस बात का भी गर्व है कि नूतन स्कूल ने लगातार तीसरे वर्ष सीहोर जिले में जिला स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया है, जो हमारे शिक्षा स्तर और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हम एमपी राज्य जैव विविधता बोर्ड, माननीय मंत्री श्री दिलीप अहिरवार एवं श्री असीम श्रीवास्तव प्रधान मुख्य वन विभाग के प्रति इस विशेष सम्मान के लिए हार्दिक आभार प्रकट करते हैं और बच्चों से अपेक्षा व्यक्त करते हैं कि नूतन स्कूल आगे भी पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और सतत् विकास की दिशा में अपने प्रयास जारी रखेगा।
नूतन स्कूल के बच्चों की इस उपलब्धि पर जिले के जिला शिक्षा अधिकारी संजय तोमर, जिला वन अधिकारी आईएफएस एम. एस. डबर तथा निदेशक सुरेश त्यागी ने नूतन स्कूल एवं छात्रों को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं।







