राजस्व निरीक्षक को निलंबित कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई – पंकज शर्मा
सीहोर । बुधवार को जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने सीहोर नगरपालिका कार्यालय पहुंचकर सीएमओ भूपेंद्र दीक्षित के नाम संबोधित एक ज्ञापन सहायक यंत्री विजय कोली को सौंपा । ज्ञापन के माध्यम से पंकज शर्मा ने सीहोर नपा के लापरवाह राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला को निलंबित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग भी सीएमओ से की । इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों नगरपालिका परिषद सीहोर में पदस्थ राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला ने अपने कार्य में गंभीर लापरवाही बरतते हुए लोगों से संग्रहित की गई टैक्स की लगभग 95 हजार रुपए की राशि सरकारी खजाने में जमा ना करते हुए अपने कार्यालय में अपनी टेबल पर रख ली थी जो बाद में गुम हो गई थी, जिसके बाद कई दिनों तक ये राशि नहीं मिली और फिर कुछ दिनों बाद अचानक से ये राशि मिल गई और सरकारी खजाने में जमा करके बिना किसी जांच के मामला रफा-दफा कर दिया गया । पंकज शर्मा ने आगे कहा कि हम इस मामले में पूरी जांच की मांग करते हैं कि ये राशि किसने चुराई थी और कैसे वापस मिली तथा इस लापरवाह राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला को जांच पूरी होने तक निलंबित किया जाए क्योंकि ये अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर जांच को प्रभावित कर सकता है और जांच पूरी होने के बाद मामले के दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए ताकि आगे से कोई भी सरकारी अधिकारी अपने कार्य में ऐसी गंभीर लापरवाही ना करे ।








