शांति वार्ता के बाद यूक्रेन में रूस का ताबड़तोड़ हमला, सैन्य छावनी और बस को बनाया निशाना; 9 की मौत

Join Us

कीव (आरएनएस) । तुर्किए में रूस और यूक्रेन के बीच शांति वार्ता होने के एक दिन बाद ही रूस ने यूक्रेन के कई इलाकों में जोरदार हमले किए हैं। इन हमलों में एक यात्री बस को भी निशाना बनाया गया, जिसमें कम से कम 9 लोगों की मौत हो गई। रूस की इस कार्रवाई को शांति प्रक्रिया को झटका माना जा रहा है।
समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, रूसी सेना ने यूक्रेन की एक सैन्य छावनी पर हमला किया। बताया जा रहा है कि इस छावनी में यूक्रेन की सेना हथियार जमा करती थी। हालांकि, इस हमले में हुए नुकसान के बारे में तत्काल कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
वहीं, रूस ने एक यात्री बस पर ड्रोन से हमला कर दिया। इस हमले में बस में धमाका हो गया और कम से कम 9 यात्रियों के मारे जाने की खबर है। यूक्रेन की पुलिस ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे युद्ध अपराध बताया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस की तस्वीरें भी जारी की हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि बस का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से तबाह हो गया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है जब शुक्रवार को ही तुर्किए में रूस और यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडलों के बीच बातचीत हुई थी। हालांकि, इस वार्ता में युद्धविराम को लेकर कोई सहमति नहीं बन पाई। दोनों देशों के बीच लगभग 1000 बंदियों की रिहाई पर सहमति बनने की बात ज़रूर सामने आई है।इससे पहले, ऐसी खबरें थी कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की खुद तुर्किए में मुलाकात कर सकते हैं, लेकिन ऐन मौके पर पुतिन ने अपना कार्यक्रम बदल दिया था। यूक्रेन में सूमी सैन्य छावनी के प्रमुख ने बताया कि रूसी हमले के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है। रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस और यूक्रेन दोनों ही एक-दूसरे के आम नागरिकों को निशाना बनाने के आरोपों से घिरे रहे हैं।

Previous articleइटली की पीएम जॉर्जिया मलोनी का अल्बानिया के प्रधानमंत्री ने घुटनों पर बैठकर किया ग्रैंड वेलकम
Next articleमुझे नहीं दिया गया शांति में सफलता का जरा भी श्रेय, भारत-पाकिस्तान संघर्ष पर फिर बोले डोनाल्ड ट्रंप