भोपाल,(आरएनएस)। बीजेपी दफ्तर में आज हाइपरटेंशन दिवस के मौके पर बीपी ओपोर्चुनिटिक्स स्क्रीनिंग और जागरूकता अभियान चलाया गया। इसमें अनियमित खानपान, तनाव और गतिहीन जीवनशैली के कारण बढ़ रहे रक्तचाप (बीपी) जैसी समस्या से निपटने को लेकर चर्चा हुई और संगठन पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने सोशल मीडिया एक्स पर ट्वीट कर कहा आज विश्व हाइपरटेंशन दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के चिकित्सा प्रकोष्ठ मध्यप्रदेश द्वारा प्रदेश कार्यालय में स्क्रीनिंग का कार्यक्रम रखा गया। इस कार्यक्रम में प्रदेशव्यापी बीपी ओपोर्चुनिटिक्स स्क्रीनिंग एवं जागरूकता अभियान में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस मौके पर प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. अभिजित देशमुख, नगर निगम के सभापति किशन सूर्यवंशी एवं जिला संयोजक डॉ. महेश गुप्ताजी सहित चिकित्सा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अग्रवाल ने लिखा कि आज के भागदौड़ भरे जीवन और व्यस्त दिनचर्या में जीवनशैली में आए बदलावों ने हमारे स्वास्थ्य को कई चुनौतियों के सामने ला खड़ा किया है। अनियमित खानपान, तनाव और गतिहीन जीवनशैली के कारण रक्तचाप (बीपी) जैसी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं जो असमय मृत्यु और गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण बन रही हैं। विश्व हाइपरटेंशन दिवस इसी चेतना को जगाने के लिए विश्वभर में मनाया जाता है। इसलिए यह कार्यक्रम किया गया। अग्रवाल ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हायपरटेंशन असमय मृत्यु एवं बीमारियों का कारण होता है, सभी लोग इसके लिए सचेत रहें।








