जल गंगा संवर्धन अभियान
नर्मदापुरम/ जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के मार्गदर्शन में अभियान के अंतर्गत पारंपरिक जल स्रोतों जैसे कुएं, तालाब, बावड़ियां, नहरें एवं नदियों के संरक्षण व पुनरुद्धार के लिए कार्य किया जा रहा है। इन प्रयासों का उद्देश्य आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों की स्थायित्वपूर्ण उपलब्धता सुनिश्चित करना है। अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत नर्मदापुरम की ग्राम पंचायत चिल्लाई में कूप रिचार्ज पिट का निर्माण किया गया है, जिससे क्षेत्र के कुओं में जल स्तर को बनाए रखने में सहायता मिलेगी। यह पिट अंतःस्त्रावी स्रोतों को पुनर्जीवित करने हेतु तैयार किया जा रहा है, जिससे वर्षा जल का संग्रहण सीधे भूमिगत जल भंडारण में किया जा सके। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पांजरा कला में डगवेल रिचार्ज शाफ्ट निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्र पांजरा कला में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की स्थापना की जा रही है, जिससे वर्षा जल का संग्रहण कर जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता लाने हेतु ग्राम पंचायत स्तर पर रैलियों का आयोजन भी किया गया। ग्रामीणों, विशेषकर बच्चों ने इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों द्वारा पक्षियों के लिए वृक्षों पर पानी के सकोरे (पात्र) भी बांधे गए।







