सामाजिक सुरक्षा पेंशन और सिलेंडर रिफिलिंग राशि होगी अंतरित
भोपाल (निप्र)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरूवार को सीधी जिले की तहसील गोपदबनास (सीधी खुर्द) से मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और सिलेंडर रिफिलिंग योजना की मई माह की राशि हितग्राहियों के खातों में अंतरित करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव सीधी के धोहनी में विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन भी करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव प्रदेश की एक करोड 27 लाख लाडली बहनों के खातों में लाडली बहना योजना की मई माह की किस्त 1552 करोड 38 लाख रूपये अंतरित करेंगे। लाडली बहनों को मिलने वाली यह 24वीं किस्त है। योजना में प्रत्येक लाडली बहना को प्रत्येक माह 1250 रूपये की राशि उनके खातों में अंतरित की जाती है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव कार्यक्रम में 56 लाख 68 हजार सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों के खातों में 340 करोड रूपए की राशि अंतरित करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री 25 लाख से अधिक बहनों को सिलेंडर रिफिलिंग की 57 करोड रुपए की राशि भी उनके खातों में सिंगल क्लिक से अंतरित करेंगे।








