फिंगरप्रिंट न आने पर ‘मेरा ई-केवाईसी’ एप से कराएं ई-केवाईसी
जिले में अब तक 709165 हितग्राहियों ने कराई इकेवाईसी
नर्मदापुरम/ जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत पात्र राशन हितग्राहियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया तेज़ी से जारी है। उक्त संबंध में कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना ने सर्व संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संपूर्ण प्रक्रिया 31 मई 2025 तक पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों का केवाईसी किया जाना सुनिश्चित करें।
अब तक जिले के कुल 827856 में से 709165 हितग्राहियों की ई-केवाईसी की जा चुकी है। शेष हितग्राहियों से अपील की गई है कि वे जल्द से जल्द अपनी ई-केवाईसी पूर्ण कराएं ताकि भविष्य में राशन प्राप्त करने में कोई व्यवधान न हो।
फिंगरप्रिंट न आने पर ‘मेरा ई-केवाईसी’ एप से कराएं ई-केवाईसी
जिन हितग्राहियों के फिंगरप्रिंट पीओएस मशीन में नहीं आ रहे हैं, वे अपने स्मार्टफोन के माध्यम से ‘मेरा ई-केवाईसी’ एप डाउनलोड कर फेस ई-केवाईसी करा सकते हैं। इस प्रक्रिया में हितग्राही को निम्नलिखित चरणों का पालन करना होगा:
- प्ले स्टोर से’मेरा ई-केवाईसी’एप डाउनलोड करें।
- ऐप इंस्टॉल करpermissionsको Allow करें।
- राज्य में “मध्यप्रदेश” का चयन करें।
- अपना आधार नंबर दर्ज करें व ओटीपी जनरेट करें।
- आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी दर्ज करें।
- हितग्राही की जानकारी स्क्रीन पर प्रदर्शित होगी।
- फेस ई-केवाईसी ऑप्शन चुनें व कैमरे से फोटो लें।
- फोटो लेते समय दो बार पलकें झपकाएं,जिससे सत्यापन पूरा हो जाए।
- प्रक्रिया पूर्ण होने पर ई-केवाईसी सफल का संदेश प्रदर्शित होगा।
कलेक्टर सुश्री मीना ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि जहां फिंगरप्रिंट की समस्या हो, वहां फेस ई-केवाईसी के माध्यम से कार्य शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए।







