अब ना ब्लैकआउट, न दुकानें खोलने पर बैन, जनता ने ली राहत की सांस

Join Us

चंडीगढ़ (आरएनएस)। भारत और पाकिस्तान में सीजफायर का ऐलान हो गया है। सीजफायर के ऐलान से जनता ने भी राहत की सांस ली है। सीजफायर के ऐलान के साथ ही चंडीगढ़ के अलावा जालंधर, रोपड़, मोगा, कपूरथला, बरनाला, अमृतसर और पठानकोट से ब्लैकआउट समेत बाकी पाबंदियां हटा ली गई हैं। फिरोजपुर में ब्लैकआउट नहीं होगा, लेकिन ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी जारी रहेगी।वहीं सीजफायर के बाद हरियाणा से भी पाबंदियां हटनी शुरू हो गई हैं। पानीपत, यमुनानगर, पंचकूला, करनाल और हिसार में आज होने वाले ब्लैकआउट के आदेश को खत्म कर दिया गया है।

पंजाब के जालंधर में डीसी हिमांशु अग्रवाल द्वारा सीज़ फायर की अधिकारिक सूचना मिलते ही जिले में युद्ध के चलते लगाई गई सभी पाबंदियां तुरंत प्रभाव से हटा ली गई है। कहा गया है कि अब हालात नार्मल हो गए हैं। डा.अग्रवाल द्वारा दोपहर बाद सभी एस.डी.एम. व विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की गई, जिसमें उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रकार की परिस्थितियों से निपटने के लिए प्रबंधों में कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। डिप्टी कमिश्नर ने पंजाब सरकार की हर परिस्थिति में जिला निवासियों के साथ खड़े रहने की वचनबद्धता दोहराते हुए कहा कि स्थिति सामान्य होने के बाद भी अधिकारी आम लोगों को हर प्रकार का सहयोग व सहायता प्रदान करने के लिए तैयार रहें। डा.अग्रवाल ने इस दौरान समर्पण भाव से काम करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों की भी सराहना की।
शहीद भगत सिंह नगर जिले में शनिवार रात 8:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक दुकानें आदि बंद रखने और रात 8:30 बजे से सुबह 5:30 बजे तक ब्लैकआउट के आदेश वापस ले लिए गए हैं।

Previous articleलखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल यूनिट का उद्घाटन, सीएम योगी बोले- आतंकवाद को पूरी तरह कुचलना ही समाधान
Next articleकराची भी हमारे टारगेट पर था, नेवी के वाइस एडमिरल ने बताया समंदर में कैसे अलर्ट थी सेना