पाकिस्तान में क्वेटा-कराची हाईवे पर पुलिस वैन पर चली ताबड़तोड़ गोलियां, 5 पुलिसकर्मी बंधक बनाए, 10 कैदी फरार

Join Us

इस्लामाबाद (आरएनएस) । पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में क्वेटा-कराची हाईवे पर एक बड़ी सुरक्षा चूक और हमले की खबर सामने आई है। मंगोचर इलाके में हथियारबंद हमलावरों ने एक पुलिस वैन को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलीबारी की है। इस हमले के बाद हमलावर पांच पुलिसकर्मियों को बंधक बनाकर अपने साथ ले गए और वैन में सवार 10 कैदियों को भी छुड़ाकर फरार हो गए।यह घटना क्वेटा-कराची हाईवे पर मंगोचर के पास हुई। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने घात लगाकर पुलिस की गाड़ी पर हमला किया, जिसमें कैदियों को ले जाया जा रहा था। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई।हमले को अंजाम देने के बाद, बंदूकधारी वैन पर नियंत्रण पाने में सफल रहे। उन्होंने सुरक्षा में तैनात पांच पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया। इसके अलावा, वे वैन में मौजूद 10 कैदियों को भी अपने साथ ले गए, जिससे कैदी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तत्काल मौके पर पहुंचीं। इलाके की घेराबंदी कर बंधक बनाए गए पुलिसकर्मियों की तलाश और फरार कैदियों तथा हमलावरों को पकडऩे के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।फिलहाल, इस हमले के पीछे किस समूह का हाथ है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। बलूचिस्तान प्रांत में अलगाववादी और चरमपंथी समूह अक्सर सुरक्षा बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते रहे हैं। इस वारदात ने एक बार फिर पाकिस्तान में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Previous articleमर रहा है हॉलीवुड’, ट्रंप ने अमेरिका से बाहर की फिल्मों को दिया झटका, लगाया 100 प्रतिशत टैरिफ
Next articleहूती ने इजरायल के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर किया मिसाइल हमला, नेतन्याहू ने जवाबी कार्रवाई की खाई कसम