नर्मदापुरम/ कलेक्टर सोनिया मीना के निर्देशन में जिले में 30 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना एवं पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण व पुनर्जीवन करना है।
अभियान के तहत जिले में व्यापक स्तर पर दीवार लेखन, जागरूकता रैली, पोस्टर-बैनर प्रदर्शन, रंगोली प्रतियोगिता, ग्राम सभाएं, जल चौपाल जैसी विविध जन-जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जल की महत्ता और संरक्षण के उपायों की जानकारी दी जा रही है।
साथ ही जिले के विभिन्न ग्रामों में कूप मरम्मत, तालाब जीर्णोद्धार, नहरों की सफाई, खेत तालाब निर्माण, सोख्ता गड्ढा (सोकपिट) निर्माण जैसी अनेक तकनीकी गतिविधियां भी संपन्न की जा रही हैं। इन कार्यों का उद्देश्य जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना और भू-जल स्तर को बनाए रखना है।
अभियान के दौरान जिले के सभी संबंधित विभाग समन्वित प्रयासों से जल स्रोतों की साफ-सफाई, पौधारोपण तथा परंपरागत जल संरचनाओं के रखरखाव व संवर्धन में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
जनपद पंचायत केसला अंतर्गत ग्राम कांदई कला में डगवेल रिचार्ज कार्य प्रारंभ
अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत केसला द्वारा ग्राम कांदई कला में डगवेल रिचार्ज कार्य प्रारंभ किया गया है। इस कार्य का उद्देश्य भू-जल स्तर को पुनः संतुलित करना एवं वर्षा जल के बेहतर संचयन के माध्यम से जल संकट को कम करना है। यह प्रयास जल संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।







