कोलकाता के होटल में लगी भीषण आग, 14 की मौत, कई झुलसे

Join Us

कोलकाता(ए)। बड़ा बाजार स्थित एक होटल में लगी भीषण आग की चपेट में आने से 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया। मंगलवार को देर रात कोलकाता के बड़ा बाजार के मछुआ फल मंडी स्थित ऋतुराज होटल में अचानक आग लगी थी। देखते ही देखते आग ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया। होटल में मौजूद कुछ लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। धुएं की वजह से कई लोग होटल के अंदर ही फंस गए। जिससे 14 लोगों की जान चली गई। हालांकि फायर ब्रिगेड की टीम दीवार तोडक़र अंदर घुसी और घायलों को बाहर निकाला।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक होटल में आग मंगलवार देर रात करीब 9 बजे के आसपास लगी थी। आग लगने के कारणों का अब तक कुछ पता नहीं चल पाया है। इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। इस बीच, पश्चिम बंगाल के भाजपा नेता दिलीप घोष ने इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, कोई भी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं करता है। सरकार में इतना भ्रष्टाचार है कि पैसे से सब कुछ हासिल किया जा सकता है। अवैध निर्माण होते हैं, और जहां चाहो वहां बाजार खुल जाते हैं। नतीजतन, ऐसी घटनाएं होती हैं, जिससे जान-माल का नुकसान होता है। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि इतने सारे लोग मारे गए हैं। मगर, सरकार को इस मामले को और गंभीरता से लेने की जरूरत है।

Previous articleचंदनोत्सवम के दौरान मंदिर की दीवार ढही, 8 की मौत कई घायल
Next articleपाकिस्तान ने इंटरनेशनल बॉर्डर पर चौकियां खाली की