इस्लामाबाद (आरएनएस)। पहलगाम हमले के बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा मुहम्मद आसिफ पर कड़ा एक्शन लिया है। उनके सोशल मीडिया अकाउंट को भारत में बंद कर दिया गया है। पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान के खिलाफ यह भारत की बड़ी कार्रवाई है।
पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने इससे पहले कहा था कि पाकिस्तान हाई अलर्ट पर है और उसकी सेना पूरी तरह तैयार है, साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर पाकिस्तान के अस्तित्व को सीधा खतरा हुआ तो वह परमाणु हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है। उनके इस बयान के बाद भारत सरकार ने यह कदम उठाया है। पहलगाम हमले के बाद भारत लगातार पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठा रहा है। भारत सरकार ने इससे पहले पाकिस्तान के कई यूट्यूब चैनलों पर रोक लगा दी था। गृह मंत्रालय की सिफारिश पर कई यूट्यूब चैनलों को बैन किया गया है। ये चैनल पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत, उसकी सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भडक़ाऊ और लोगों को भडक़ाने वाली झूठी व भ्रामक बातें फैला रहे थे। सरकार का कहना है कि ये चैनल देश की शांति और एकता को नुकसान पहुंचा सकते थे।
ख्वाजा मुहम्मद आसिफ ने अपने बयान में कहा- भारत की बयानबाजी बढ़ती जा रही है और पाकिस्तान की सेना ने सरकार को भारतीय हमले की आशंका के बारे में जानकारी दी है। पाकिस्तान पूरी तरह सतर्क है और हम अपने परमाणु हथियारों का इस्तेमाल तभी करेंगे, जब हमारे अस्तित्व को सीधा खतरा होगा।







