भोपाल(ए)। भोपाल देहात के बैरसिया थाना क्षेत्र में पागल हुए श्वान ने बैरसिया अस्पताल में एक मासूम बच्ची समेत अलग-अलग जगहो पर आधा दर्जन लोगों पर हमला करते हुए उन्हें काटकर घायल कर दिया। लोगो का कहना है की बैरसिया में अस्पताल से लेकर मंदिर तक पागल कुत्ते ने चौबीस घंटे तक जमकर आतंक मचाया। वह पागल हो चुका था, उसके सामने आने वाले करीब आधा दर्जन लोगो पर हमला कर दांत से काटकर घायल कर चुका था। मंगलवार सुबह नगर पालिका कर्मचारियों ने उसे पकडऩे का प्रयास किया लेकिन वह उन पर भी हमला करने लगा। इसके बाद कर्मचारियों ने उस पर डंडे बरसाकर उसको मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार पागल हुए आवारा कुत्ते ने 21 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे सबसे पहले शासकीय अस्पताल में अपनी मां के साथ आई हुई दामखेड़ा बैरसिया में रहने वाली तीन साल की मासूम रिया पुत्री रवि पर हमला करते हुए चेहरे से लेकर शरीर में कई जगह काटा कर घायल कर दिया। उसके चीखने की आवाजे सुनकर लोगों ने उसे बचाया। घटना उस समय हुई जब मासूम बच्ची की मां डॉक्टर के पास गई हुई थी। इसके बाद पागल हुआ श्वान वहां से भागकर पास बने मंदिर के पास पहुंचा। यहां उसने दो श्रद्धालुओं पर हमला करके उन्हें काट लिया। इसके बाद उसने तीन अन्य लोगों को भी काट लिया। श्वान के पागल होकर लोगो को काटे जाने की सूचना मिलने पर नगर पालिका टीम उसे पकडने के लिए पहुंची।








