भोपाल (आरएनएस)। गुरुवार रात एक तेज रफ्तार कार की कोलार नहर में गिर गई। हादसे में एअर इंडिया की एयर होस्टेस हर्षिता शर्मा (21) की मौत हो गई। वह अपने दो दोस्तों के साथ घूमने निकली थी। कार चला रहे दोस्त जय ने बताया कि सामने अचानक गाय आ गई, जिसे बचाने की कोशिश में कार बेकाबू होर नहर में जा गिरी।
हर्षिता को गंभीर हालत में एक निजी हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। हादसे में दो दोस्तों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने गाड़ी चला रहे जय के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज किया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं। हर्षिता के पिता प्रदीप शर्मा ने बताया कि वह अक्सर शहर से बाहर रहती थी। बुधवार रात उसने भाई को वॉट्सऐप पर बताया था कि शुक्रवार को भोपाल आ रही है। हमें नहीं पता था कि वह गुरुवार को ही भोपाल पहुंच गई थी। वह मिनाल रेसीडेंसी के पास होटल में रुकी थी।परिजन को हादसे की जानकारी तब मिली, जब हर्षिता की दोस्त शिवानी का कॉल आया कि वह अस्पताल में भर्ती है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि हर्षिता ब्रेन डेड हो चुकी है। शुक्रवार सुबह उसे मृत घोषित कर दिया गया।








