कांग्रेस नेता की शिकायत पर हुई जांच में सरपंच-सचिव दोषी करार, रिकवरी आदेश जारी

Join Us

लगभग 20 में से 2 मामलों में दोष सिद्ध, शेष में जांच जारी
सिर्फ रिकवरी पर्याप्त नहीं, पद से हटाकर तत्काल भेजें जेल नहीं तो अन्य मामलों की जांच होगी प्रभावित – पंकज शर्मा
सीहोर । ग्राम पंचायत बरखेड़ा हसन में हुए भारी भ्रष्टाचार को लेकर जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा और पंच सुरेन्द्र लोधी ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपकर कलेक्टर महोदय से मामले की त्वरित जांच की मांग की थी जिस पर जिला पंचायत सीईओ द्वारा जिला स्तरीय जांच दल से इस पूरे मामले की जांच कराई गई, जिसमें से भ्रष्टाचार के कुल 20 मामलों में से फिलहाल 2 मामलों में सरपंच-सचिव को दोषी पाया गया है और उनको लगभग डेढ़ लाख रुपए की वसूली का नोटिस जिला प्रशासन द्वारा दिया गया है तथा शेष मामलों में भी जांच जारी है । इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि उनके द्वारा ग्राम पंचायत बरखेड़ा हसन में निर्माण कार्य में किए गए भारी भ्रष्टाचार की दो बार कलेक्टर को शिकायत की गई थी, जिसमें 20 पेज के सबूत देकर दोषी सरपंच और सचिव पर सख्त कार्रवाई की मांग जिला प्रशासन से की थी । इसके बाद पूरे मामले की जांच होने के बाद सरपंच-सचिव पर दोष सिद्ध पाए जाने पर 14 मई तक सरपंच-सचिव से जबाव मांगा है, साथ ही दो निर्माण कार्य में करीब डेढ़ लाख की वसूली का नोटिस भी दोनों को थमाया गया है । ज्ञातव्य है कि जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा और ग्राम पंचायत बरखेड़ा हसन के पंच सुरेंद्र लोधी ने 8 अक्टूबर को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर सुधीर कुशवाह को सौंपा था, जिसमें बताया गया था कि ग्राम पंचायत बरखेड़ा हसन में भारी भ्रष्टाचार किया गया है, जिसमें 20 मामलों में किए गए भ्रष्टाचार के 20 पेज के सबूत मय बिल के उनको सौंपे थे । इन सबूतों के आधार पर दोषी सरपंच और सचिव के खिलाफ कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग कलेक्टर से की थी । शिकायत में बताया गया था कि ग्राम पंचायत द्वारा सरपंच और सचिव की मिलीभगत से पौधे खरीदी, नाली निर्माण, पंचायत भवन के जीर्णोद्धार, स्टेशनरी और इंटरनेट, नल जल योजना और पानी की मोटर खरीदने एवं रखरखाव, जल गंगा अभियान, मच्छर की दवा का छिड़काव, स्कूल भवन को तुड़वाकर उसका स्क्रैप बेचने, पेवर ब्लाक, पीवीसी पाइप लाइन, फार सीलिंग, श्मशान घाट बाउंड्री वाल निर्माण, रूम सीलिंग, कचरा वाहन खरीदी, 1 सफाई कर्मी के विरुद्ध 4 सफाई कर्मियों को वेतन भुगतान, मनरेगा, 1 कर्मचारी को 2 जगह से वेतन, गैर कर्मचारी को वेतन का भुगतान करने, वर्तमान सरपंच के भतीजे के करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार के मामले में दोषी पाए जाने पर भी उसे पंचायत में काम पर लगाने के सबूत सभी बिलों के साथ कुल 20 मामलों में लगभग 20 पृष्ठों में दिए थे । इसके बाद जिला पंचायत सीईओ ने जिला स्तरीय जांच दल द्वारा जांच कराई, जिसमें रिचार्ज पिट निर्माण कार्य में 9,100 रुपये की और श्मशान घाट बाजार चौक के पास पेवर ब्लाक निर्माण कार्य में 1 लाख 32 हजार 519 कुल एक लाख 41 हजार 619 रुपये का गबन पाया गया, जिसके बाद 15 अप्रैल को जिला पंचायत सीईओ डॉ. नेहा जैन ने नोटिस जारी कर डेढ़ लाख रुपए की वसूली करने तथा 14 मई तक पूरे मामले में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए है । यदि उक्त दिनांक तक सरपंच-सचिव ने जबाव नहीं दिया तो पंचायती राज अधिनियम के तहत दोनों पर एक पक्षीय कार्रवाई की जाएगी । पंकज शर्मा व सुरेंद्र लोधी ने कलेक्टर व जिला पंचायत सीईओ से मांग की है कि दोषी सरपंच व सचिव को तत्काल पद से हटाया जाए, जिससे पंचायत में हो रहे भारी भ्रष्टाचार व ऐसे भ्रष्ट लोगों पर नकेल लग सके, साथ ही अन्य मामलों की भी शीघ्र जांच कर दोषी पाए जाने पर पंचायती राज अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई की जाए। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सरपंच व सचिव के पद पर रहने तक निष्पक्ष जांच संभव नहीं है और यह अपने प्रभाव का गलत उपयोग कर जांच को गुमराह कर सकते हैं ।

Previous articleशहर के चर्च मैदान पर ब्लाक स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता
Next articleशास.महिला पोलोटेक्निक महाविद्यालय में मनाई गई डॉ.अम्बेडकर जयंती