इस्लामाबाद (आरएनएस)। पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद और अफग़़ानिस्तान सीमा से सटे प्रांत ख़ैबर पख़्तूनख़्वा के कई हिस्से बुधवार को अचानक आई तेज़ ओलावृष्टि से प्रभावित हो गए। इस भारी ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया और सैकड़ों कारों, घरों और दुकानों के शीशे टूट गए। मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, इस्लामाबाद के स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने जीवन में इतने बड़े और भारी ओले पहले कभी नहीं देखे।ख़ैबर पख़्तूनख़्वा के लंडी कोतल क्षेत्र में ओलों के साथ भारी बारिश हुई, जिससे इलाके में अचानक बाढ़ जैसे हालात बन गए। बाढ़ के पानी में कई वाहन बहने की घटनाएं भी सामने आईं।इस पूरी तबाही के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही हैं, जिनमें टूटी हुई कारों की खिड़कियाँ, घरों की क्षतिग्रस्त छतें और जलभराव से जूझते लोग देखे जा सकते हैं।मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में कुछ इलाकों में और बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं। स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, लेकिन प्रभावित लोगों ने सरकारी मदद की धीमी गति को लेकर नाराजग़ी भी जताई है।
00








