नईदिल्ली,(आरएनएस)। देशभर में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। जहां अप्रैल की शुरुआत में भीषण गर्मी ने परेशानी किए रखा, वहीं पिछले 2-3 दिनों से अंधड़-बारिश ने थोड़ी राहत प्रदान की है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, आने वाले 3-4 दिनों में कुछ राज्यों में एक बार फिर मौसम बिगडऩे के आसार हैं। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश का अनुमान जताया है। इसके अलावा कुछ जगह ओलावृष्टि और बादल छाने, बिजली कडक़ने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों से लेकर मैदानों तक में मौसम लगातार बदल रहा है। 16 से 20 अप्रैल तक पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में इसका तगड़ा असर देखने को मिल सकता है।
इस विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश और ओलावृष्टि होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। ओडिशा में 15-16 अप्रैल को भारी बारिश की चेतावनी दी है, जबकि झारखंड, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और छत्तीसगढ़ में हल्की बारिश हो सकती है।राजस्थान में पिछले 2-3 दिनों से मिली राहत के बाद अब गर्मी ने फिर से रौद्र रूप लेना शुरू कर दिया है और पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया है।बाड़मेर में अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो देश में सर्वाधिक है।आईएमडी के अनुसार, अगले 4-5 दिन में तापमान 3-4 डिग्री तक बढऩे की संभावना है। इसके अलावा पूर्वी राजस्थान, जयपुर और भरतपुर संभाग में 16 अप्रैल तक लू चलने की स्थिति बनी हुई है।








