– वरिष्ठ भाजपा नेता ने अपने कार्यालय में किया माल्यार्पण
सीहोर। संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। डॉ अंबेडकर ने संविधान का निर्माण किया था, लेकिन इससे पहले उन्होंने कठिन संघर्ष से यह उपलब्धि हासिल की थी। डॉ. अंबेडकर जात-पात के विरोधी थे। उन्होंने हमेशा से हर वर्ग की चिंता की। यह बात भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जसपाल सिंह अरोरा ने कही। उन्होंने डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर अपने कार्यालय में बाबा साहेब के चित्र के समक्ष माल्यार्पण किया। इस दौरान अरोरा मित्र मंडल एवं श्री अरोरा समर्थक बड़ी संख्या में मौजूद रहे। वरिष्ठ भाजपा नेता जसपाल सिंह अरोरा ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर सच्चे देशभक्त थे। वे गरीबों, दलितों के मसीहा थे। वे देश के पहले कानून मंत्री भी थे। श्री अरोरा ने कहा कि डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर हमेशा से यह सपना देखते थे कि देश के गरीबों और दलितों का उत्थान हो, लेकिन देश में वर्षों तक राज करने वाली पार्टी बाबा साहेब के सपनों को पूरा नहीं कर सकी। हमेशा से दलितों के साथ दुर्व्यवहार किया गया, लेकिन जब से देश-प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई है, तब से डॉ. भीमराव अंबेडकर के सपने साकार होते दिख रहे हैं। आज भाजपा की केंद्र और प्रदेश की सरकार बाबा साहेब के सपनों को पूरा करते हुए दलितों, गरीबों के उत्थान के लिए कार्य कर रही है। उनके लिए योजनाएं चलाई जा रही हैं, ताकि उनका जीवन स्तर बेहतर बन सके।








