पाक मीडिया का दावा, चीन देगा छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान

Join Us

 विशेषज्ञों का कहना- 2030 तक छठी पीढ़ी का विमान बनाना असंभव
इस्लामाबाद,(ए)। पाकिस्तान वायु सेना के प्रमुख चीफ मार्शल जहीर अहमद बाबर ने हाल ही में चीनी रक्षा मंत्री से मुलाकात की है, जहां उन्हें आश्वासन दिया गया है कि पाकिस्तान 2030 तक चीन के छठी पीढ़ी के लड़ाकू जेट विमानों को हासिल कर लेगा। आधिकारिक तौर पर बाबर की यात्रा का मकसद 40 जे-35ए पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ लड़ाकू विमानों के लिए सौदे को अंतिम रूप देना था। पाकिस्तानी मीडिया में दावे किए गये हैं कि चीन अपनी डिफेंस इंडस्ट्री का तेजी से विकास कर रहा है और एयरोस्पेस डेवलपमेंट भी कमाल का है, लेकिन सवाल ये हैं क्या पाकिस्तान चीन के साथ कदमताल कर सकेगा।
पाकिस्तान में दावे किए जा रहे हैं कि चीन जैसे ही छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमानों का निर्माण करेगा, पाकिस्तान को भी एडवांस जेट मिल जाएगा। पाकिस्तानी यूट्यूबर्स के दावे और पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक चीनी रक्षा मंत्री ने बाबर को बताया है कि चीन, पाकिस्तानी वायुसेना को अपने अगली पीढ़ी के लड़ाकू जेट से लैस करने का इच्छुक है। बता दें कि चीन का छठी पीढ़ी का लड़ाकू विमान कैसा होगा और उसमें क्या खासियतें होंगी, फिलहाल उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन चीन ने कुछ हफ्ते पहले छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमानों को बनाने का दावा किया था।
पाकिस्तानी सूत्रों का दावा है कि छठी पीढ़ी के दो प्रोटोटाइप-एक लड़ाकू जेट, दूसरा लड़ाकू-बमवर्षक-ने 2025 में अपनी पहली उड़ान पूरी कर ली है और यह एक ऐसा मील का पत्थर है जो अगली पीढ़ी के विमानन में अमेरिका और यूरोप जैसे वैश्विक प्रतिद्वंद्वियों से आगे निकलने के लिए चीन की आक्रामकता को दिखाता है।
विशेषज्ञों का कहना है कि 2030 तक पाकिस्तान को छठी पीढ़ी के लड़ाकू विमान मिल जाएंगे, इसकी संभावना नहीं है। क्योंकि चीन अगर 2030 तक खुद भी छठी पीढ़ी का विमान बना लेता है तो ये बड़ी बात होगी। फिर भी अगर चीन को कामयाबी मिल जाती है तो सबसे पहले वह अपनी वायुसेना को एडवांस जेट्स से लैस करेगा। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता है। इस साल की शुरुआत में, पाकिस्तानी मीडिया ने बताया कि बाबर ने शेनयांग जे-35ए प्राप्त करने की नींव रख दी है, जो पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ लड़ाकू विमान है।

Previous articleम्यांमार में अभी भी कांप रही धरती, दहशत में जीने को मजबूर लोग
Next articleएकमात्र कप्तान जिसने 200 के स्ट्राइक रेट से की है अब तक बल्लेबाजी, औसत 80 से भी ऊपर