भोपाल (आरएनएस)। ईटखेड़ी इलाके में पेड़ से फंदा बनाकर युवक ने सुसाइड कर लिया। मृतक के भाई का आरोप है कि उसकी एक महिला मित्र लापता हो गई थी। इसके संबंध में पुलिस ने उससे कॉल पर पूछताछ की थी। पुलिस के डर के कारण युवक ने सुसाइड किया है। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। घटना गुरुवार की देर रात की है। शुक्रवार की दोपहर को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। सतीष दांगी (22) पुत्र राधेश्याम दांगी निवासी रायपुर गांव ईटखेड़ी का रहने वाला था। वह गांव में ही पिता के साथ खेती किसानी का काम करता था। उसके भाई सुरेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि गुरुवार की दोपहर को गुनगा इलाके में रहने वाली भाई की महिला मित्र लापता हो गई। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए सतीष को कॉल किया। इससे वह घबरा गया, उसे लगा कि पुलिस उसकी गिरफ्तारी कर लेगी।
इस बात का जिक्र उसने हमसे किया था। इसके बाद बिन बताए लापता हो गया। रात के समय उसकी तलाश की, तब शव को उसी के खेत में फांसी के फंदे पर लटका हुआ देखा। शव को फंदे से उतारने के बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने लाश को कब्जे में लेने के बाद बॉडी पीएम के लिए भेज दी गई।








