मात्र एक मिनिट में 15 लाख रुपए गहरीकरण के लिए हुए एकत्रित

Join Us

 सीवन का उद्धार योजना के साथ होना चाहिए, आगे-आगे पाठ, पीछे-पीछे सपाट जैसी स्थिति निर्मित नहीं हो-अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा
सीहोर। गंगा जल संवर्धन योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार द्वारा नदियों, तालाबों बावडिय़ों आदि जलस्रोतों के गहरीकरण, साफ सफाई और सौंदर्यीकरण का अभियान चल रहा है। वहीं विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रिंस राठौर, शहर के सभी जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन और सीवन उद्धार समिति के द्वारा जीवनदायनी सीवन के उत्थान की पहल की जा रही है, इसको लेकर समिति के आह्वान पर बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने सीवन नदी के घाट पर पहुंचकर श्रमदान कर कहाकि  सीवन नदी का गहरीकरण बिना योजना के नहीं हो सकता है, इसके लिए हम सभी को संकल्प लेना चाहिए और नेक इरादे से पूरी एकजुटता के साथ योजना बनाकर कार्य करने की बात कही। उन्होंने कहाकि बिना संकल्प के कोई भी कार्य सिद्ध नहीं होता है, यह मुहिम चार दिन नहीं चलना चाहिए, इसके लिए निरंतर गहरीकरण और साफ-सफाई की प्रक्रिया तेजी से चलती रहना चाहिए। उन्होंने कहाकि विधायक श्री राय और नपाध्यक्ष श्री राठौर के द्वारा जो योजना बनाई जा रही है। उससे आने वाले समय में सीवन का उत्थान होने की उम्मीद है। इसके लिए क्षेत्रवासियों का पूरा सहयोग है। मैं कदम-कदम पर जनहित में सबके साथ हूं। इस मौके पर मात्र एक मिनिट में ही सीवन के गहरीकरण के लिए 15 लाख रुपए की राशि एकत्रित हुई है। जिसमें विधायक श्री राय ने राय परिवार की ओर से 10 लाख, समाजसेवी विवेक रुठिया ने ढाई लाख, डॉक्टर एसोसिएशन की ओर से दो लाख और एक लाख रुपए भोजपूरी समाज की ओर से प्रदान किए गए।
जल स्त्रोतों का संरक्षण और संवर्धन करना बहुत जरूरी
पंडित श्री मिश्रा ने कहा कि शहर के सीवन घाट पर जारी गहरीकरण के अभियान के दौरान पहुंचे जहां पर कार्यरत नगर पालिका के अमले का स्वागत करते हुए, उन्होंने कहा कि जल स्त्रोतों का संरक्षण और संवर्धन करना बहुत जरूरी है। आज शासन के द्वारा  जो जल संरक्षण अभियान, वर्षा जल संचयन, जल निकायों के कायाकल्प, उपचारित अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग और गहन वनीकरण और पेयजल आपुर्ति पर ध्यान केंद्रित करने वाला एक स्वागत योग्य कदम है। इससे हमारे क्षेत्र का जल स्तर बेहतर बना रहेगा। नगर पालिका का सीवन घाटों का सौंदर्यीकरण और गहरीकरण की पहल स्वागत योग्य है। उन्होंने यहां पर अमले में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों का स्वागत किया।
सीवन नदी लंबे समय से उपेक्षा का शिकार हो रही थी
उन्होंने कहा कि शहर के बीच से निकली सीवन नदी लंबे समय से उपेक्षा का शिकार हो रही थी। इसके बाद भी सीवन नदी की तरफ ध्यान नहीं दिया गया। हर साल बारिश के पानी के साथ आने वाली मिट्टी धीरे-धीरे गाद बनकर नदी की गहराई कम होने लगी। उथली होती नदी में जलभराव की मात्रा लगातार कम होती चली जा रही थी, लेकिन इसका ध्यान नहीं गया था। अब वर्तमान परिषद के प्रयास की लोग प्रशंसा कर रहे हैं। कई लोग जनभागीदारी के साथ सहयोग करने को तैयार है, जिससे आगामी दिनों में सीवन नदी का गहरीकरण के साथ सौंदर्यीकरण हो सकेगा।
वहीं विधायक श्री राय ने कहाकि आगामी दिनों में सीवन नदी आकर्षण का केंद्र बनने जा रही है। नदी में नौकायन भी होगा और पिकनिक स्पॉट भी बनेगा। सुंदर लाइटिंग के साथ पुल का निर्माण भी कराया जाएगा। मॉर्निंग वॉक के लिए नदी के किनारे विशेष स्थान होगा। नदी के किनारो पर मौजूद अतिक्रमण को भी हटाया जाकर नदी की सुरक्षा के लिए कदम उठाए जाएंगे। सीवन उद्धार समिति के द्वारा नदी के अस्तित्व के प्रति ध्यान आकर्षण कराने का कार्य किया जा रहा है। जिसका सुखद परिणाम भी आगामी दिनों में सामने आएगा। श्रमदान के दौरान बड़ी संख्या में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी कार्यकर्ता जनप्रतिनिधि सामाजिक कार्यकर्ता और नगरीकरण मौजूद रहे।

Previous articleसड़क सुरक्षा के लिए जिला प्रशासन एवं डी बी सी पी एल की सराहनीय पहल ।                                      
Next articleउधमपुर में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ जारी, 2-3 आतंकियों के फंसे होने की आशंका