इंसान द्वारा अपने साथ ही पशु-पक्षियों का ध्यान रखना ही सच्ची मानवता और ईश्वर सेवा
इस गंभीर जलसंकट से निपटने सभी को लेना होगा जल संरक्षण, बचाव और उसके सदुपयोग का संकल्प – पंकज शर्मा
सीहोर । जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर बालागुरु के. के नाम संबोधित एक ज्ञापन संयुक्त कलेक्टर आनंद राजावत को सौंपा । ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेसजनों ने इस भीषण गर्मी के दौर में आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए भीड़-भाड़ वाली जगहों पर सार्वजनिक प्याऊ लगाने सहित पशु-पक्षियों के लिए भी पानी के समुचित इंतजाम किए जाने की मांग की । इस बारे में अधिक जानकारी देते हुए पंकज शर्मा ने बताया कि वर्तमान में भीषण गर्मी का दौर शुरू हो चुका है और इस गर्मी में ना केवल इंसान बल्कि पशु-पक्षी भी प्यास के कारण व्याकुल हैं लेकिन नगर सहित पूरे जिले में भारी जलसंकट चल रहा है और अधिकांश पेयजल स्त्रोत सूख चुके हैं लेकिन इस ओर अभी तक सीहोर नगरपालिका का ध्यान नहीं गया है और उसके द्वारा अभी तक नगर में सार्वजनिक प्याऊ की व्यवस्था नहीं की गई है । पंकज शर्मा ने जिला प्रशासन से मांग की है कि वो नगर में भीड़-भाड़ वाली जगहों पर सार्वजनिक प्याऊ लगाने के साथ ही पशु-पक्षियों के लिए भी पानी की उचित व्यवस्था करने का निर्देश सीहोर नगरपालिका को देकर तत्काल सभी को इस गंभीर जलसंकट के दौर में राहत दिलाए । पंकज शर्मा ने आगे कहा कि अपने साथ ही पशु-पक्षियों के जीवन की रक्षा करना तथा उनका ध्यान रखना ही सच्ची मानवता है और यही सच्चे अर्थों में ईश्वर सेवा है और इससे भगवान अपने भक्तों पर प्रसन्न होकर उन्हें आशीर्वाद प्रदान करते हैं । पंकज शर्मा ने अंत में कहा कि इस भीषण गर्मी के दौर में हम सभी का ये कर्तव्य है कि हम पानी को व्यर्थ ही बर्बाद ना करें तथा उसका दुरुपयोग रोकें और अपनी दैनिक जरूरतों के लिए भी कम से कम पानी का उपयोग करें क्योंकि जल का बचाव और सदुपयोग ही हमें इस भीषण जलसंकट से बचा सकता है इसीलिए हम सभी को इस गर्मी जल संरक्षण और उसके सदुपयोग का संकल्प लेना होगा क्योंकि जल का संरक्षण, बचाव और सदुपयोग ही इस भीषण जलसंकट से बचने का एकमात्र तरीका है । ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख रूप से विकास राय, राजेश रैकवाल, बिजेंद्र ठाकुर, सतीश दरोठिया, अमित गोस्वामी, अमित शर्मा, ब्रह्म सिंह मेवाड़ा, गोलू यादव, धर्मेंद्र, किशोर सिंह आदि कांग्रेसजन शामिल हैं ।








