जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कुओं और तालाबों का मरम्मतीकरण कार्य संपन्न
नर्मदापुरम/ मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल स्रोतों के संरक्षण व पुनर्जीवन के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत केसला की ग्राम पंचायत पीपलढाना में कूप मरम्मत एवं जीर्णोद्धार कार्य सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। इस कार्य से ग्रामीणों को पेयजल एवं सिंचाई के लिए जल उपलब्धता में सुधार होगा।
इसी के साथ, ग्राम पंचायत चांदकिया में लोहरकुंड तालाब में सफाई एवं जल संरक्षण का कार्य किया गया, जिससे वर्षा जल संचयन को बढ़ावा मिलेगा और जल स्तर में सुधार होगा। उक्त प्रयास से जल संकट की स्थिति से निपटने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और ग्रामीण जीवन को सशक्त बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। इन कार्यों में स्थानीय जनसहयोग और जागरूकता की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण रही।






