शादी तय होने के बाद आरोपी ने किया इंकार
भोपाल(ए )। शहर की पिपलानी थाना पुलिस ने इलाके में रहने वाली एक महिला बैंककर्मी की शिकायत पर युवक के खिलाफ बलात्कार का मामला दर्ज किया है। आरोप है की दोस्ती होने के बाद आरोपी ने उसे शादी करने का झांसा देकर करीब डेढ़ साल तक न सिर्फ उसका दैहिक शोषण किया बल्कि उससे करीब तीन लाख रुपए भी ऐंठ लिए। बाद में दोनों की शादी भी तय हो गई थी। लेकिन बाद में आरोपी ने शादी करने से इंकार कर दिया। इसके बाद मामला थाने पहुंचा जहॉ पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बलात्कार व अड़ीबाजी समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसकी धरपकड़ के प्रयास शुरु कर दिये है। थाना पुलिस के अनुसार इलाके में रहने वाली 29 साल की युवती ने अपनी शिकायत में बताया की वह बैंक में नौकरी करती हैं। कुछ साल पहले उनकी मुलाकात अशोका गार्डन क्षेत्र में रहने वाले तरुण धाड़से नामक यवुक से हुई थी।
तरुण प्राइवेट नौकरी करता था, लेकिन उससे पहचान के कुछ समय पहले से वह बेरोजगार चल रहा था, और नौकरी की तलाश में था। पीडि़ता ने पुलिस को आगे बताया की एक दूसरे का व्यवहार पंसद आने पर जल्द ही उनकी जान पहचान दोस्ती में बदल गई और दोनों एक-दूसरे को पसंद करने लगे। इसकी जानकारी दोनो के परिजनों को लगने पर दोनों परिवारों के लोग शादी के लिए तैयार हो गए और रिश्ता भी तय हो गया। आरोप है कि परिवारो के बीच बातचीत तय होने पर नवंबर 2023 में आरोपी तरुण ने पहली बार युवती के साथ शारीरिक संबंध बना लिए। पीडि़ता के विरोध करने पर उसने जल्द ही शादी होने की बात कही। उसकी बातों में आकर पीडि़ता खामोश रह गई। इसके बाद आरोपी ने करीब देढ़ साल तक कई बार पीडि़ता का दैहिक शोषण किया। और कई बहानो से उसने युवती से करीब तीन लाख रुपए भी लेकर हड़प लिए। इधर बातचीत तय होने के बाद काफी समय बीत जाने पर युवती के परिवार वालो ने तरुण और उसके परिजनों पर शादी की तारीख तय करने का दबाव बनाया लेकिन वह लगातार टाल-मटौल करते रहे। बीते दिनों युवती ने तरुण पर लगातार जल्द शादी करने का दबाव बनाना शुरु कर दिया। तब तरुण ने उसके साथ शादी करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीडि़ता थाने जा पहुंची, मामला दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिये उसके घर पर दबिश दी थी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सका है। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही है।








