– फरार बदमाश पर दर्ज है 28 प्रकरण
भोपाल(ए )। ऐशबाग थाना इलाके में स्थित अफकार कॉलोनी में शराब पीकर हंगामा करने वाले निगरानी बदमाशों का विरोध करने पर आरोपियो ने युवक के साथ मारपीट करते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया। हाथ में चाकू लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना पुलिस के मुताबिक फरियादी अमन रजा (16) निवासी अफकार कॉलोनी ऐशबाग ने अपनी शिकायत में बताया की वह गोविंदपुरा स्थित एक बेकरी में काम करता है। उसकी कॉलोनी में रहने वाले आकिब बच्चा और फैजान आदतन और थाने के निगरानीशुदा बदमाश हैं। मंगलवार देर रात दोनों बदमाश शराब पीकर हंगामा करते हुए कॉलोनी में रहने वाले लोगों के साथ गाली-गलौज कर रहे थे। उनकी हरकतें देख अमन रजा ने उन्हें समझाइश देते हुए वहॉ से जाने को कहा। उसकी बात पर बदमाशों को गुस्सा आ गया और और उन्होनें अमन के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट के दौरान ही बदमाश आकिब बच्चा ने अपने पास रखा चाकू निकालकर अमन पर वार कर दिया। चाकू का वार हाथ में लगने से अमन बुरी तरह घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे धमकाते हुए वहॉ से फरार हो गए। बाद में घायल को इलाज के लिये अस्प्ताल पहुंचाया गया इसके बाद उसकी शिकायत पर बदमाशो के खिलाफ मामला कायमक कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने बताया की फरार बदमाशो के खिलाफ दो दर्जन से अधिक गंभीर अपराधिक मामले दर्ज हैं।








