जो लोग गायों का चारा खाते हैं, वह बिहार के लोगों के कल्याण के बारे में नहीं सोच सकते : अमित शाह

Join Us

गोपालगंज (ए.)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बिहार के गोपालगंज जिले में एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद पर निशाना साधा। शाह ने साफ तौर पर कहा कि जो लोग गायों का चारा खाते हैं, वह बिहार के लोगों के कल्याण के बारे में नहीं सोच सकते। गोपालगंज जिले में जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, केंद्र और बिहार दोनों जगह की राजग सरकारें राज्य के समग्र विकास के लिए काम कर रही हैं। जो लोग जानवरों का चारा खाते हैं, वे राज्य के लोगों के कल्याण के बारे में नहीं सोच सकते। लालू जी अलकतरा घोटाला, बाढ़ राहत सामग्री आपूर्ति घोटाला, चरवाहा विद्यालय घोटाला में शामिल थे, उन्होंने गायों का चारा भी खाया। भाजपा नेता ने लालू-राबड़ी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, यहां (बिहार) लालू-राबड़ी सरकार और केंद्र में सोनिया-मनमोहन सरकार ने बिहार के लिए कुछ नहीं किया। लालू प्रसाद ने सिर्फ अपने परिवार के लिए काम किया। उन्होंने कहा, लालू प्रसाद ने अपने दोनों बेटों को मुख्यमंत्री बनाने की कोशिश की। अपनी पत्नी को बिहार का मुख्यमंत्री बनाने की तैयारी कर रहे हैं, अपनी बेटी को राज्यसभा भेजा, लेकिन लोगों के लिए कुछ नहीं किया। जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में राजग सरकार बिहार के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। शाह ने कहा कि अगले पांच सालों में बिहार को बाढ़ मुक्त बना दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बिहार में देवी सीता के जन्मस्थान (पुनौरा धाम) पर एक विशाल मंदिर का निर्माण भी कर रही है।
सीतामढ़ी शहर से लगभग पांच किलोमीटर पश्चिम में स्थित पुनौरा धाम में बड़ी संख्या में तीर्थयात्री आते हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 13 दिसंबर 2023 को पुनौरा धाम जानकी मंदिर के समग्र विकास के लिए आधारशिला रखी थी। राज्य मंत्रिमंडल ने पहले ही पुनौरा धाम के समग्र विकास के लिए 72.47 करोड़ रुपये की मंजूरी दे दी है। इससे पहले शाह ने अंतरराष्ट्रीय सहकारिता दिवस 2025 के अवसर पर बिहार में केंद्र और राज्य सरकार की करोड़ों रुपये की नयी परियोजनाओं का उद्घाटन औरशिलान्यास किया। शाह ने यहां 532 करोड़ रुपये की योजनाओं का उद्घाटन किया जिसमें सहकारिता विभाग की 111 करोड़ रुपये और नगर विकास एवं आवास विभाग की 421 करोड़ रुपये की योजनाएं शामिल हैं।

 

Previous articleमुख्तार गैंग का शूटर अनुज कनौजिया एनकाउंटर में ढेर, यूपी से लेकर झारखंड तक था आतंक; पुलिस ने रखा था 2.5 लाख का इनाम
Next articleदिल्ली में भाजपा सरकार बनने से राम राज्य की शुरुआत हुई : मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता