मातारानी से सभी के उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की
इस नवरात्रि सभी तरह की अशुद्धि और मिलावट से लड़ने का प्रण लें
अशुद्धि और मिलावट केवल खाद्य पदार्थों में ही नहीं बल्कि जीवन के किसी भी क्षेत्र में हो सकती है – पंकज शर्मा
सीहोर । जिला कांग्रेस के पूर्व महासचिव पंकज शर्मा ने एक बयान जारी कर सभी सनातनियों को चैत्र नवरात्रि और हिंदू नववर्ष की शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए सभी के उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना मातारानी से की है । पंकज शर्मा ने कहा है कि आज से हिंदू नववर्ष विक्रम संवत 2082 प्रारंभ हो रहा है और चैत्र नवरात्रि की शुरुआत भी आज से ही हो रही है, इस नए वर्ष में उन्होंने मातारानी से सभी के अच्छे स्वास्थ्य, निरोगी और दीर्घायु जीवन तथा खुशहाली की कामना भी की है । इसके साथ ही पंकज शर्मा ने इस नवरात्रि और हिंदू नववर्ष पर सभी सनातनियों से अशुद्धता और मिलावट के विरुद्ध जंग छेड़ने की अपील करते हुए कहा कि मिलावट केवल खाद्य पदार्थों में ही नहीं होती है बल्कि आज मिलावट हमारे जीवन के सभी क्षेत्रों में मिलकर देश और समाज को खोखला कर रही है, जिससे हमें लड़ना होगा तभी हमारा देश और समाज सुरक्षित और सम्पन्न होगा । पंकज शर्मा ने आगे कहा कि यदि कोई हमारे जायज काम को करने के लिए रिश्वत मांग रहा है तो ये भी एक प्रकार की मिलावट है, किसी निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का उपयोग हो, किसी पर अत्याचार करना हो, अत्याचार सहना और अत्याचार होते हुए देखना, जातिवाद, महिला उत्पीड़न, बाल अपराध सहित अन्य सभी प्रकार के आपराधिक कृत्य भी मिलावट की ही क्षेणी में आते हैं । इसके अलावा हर तरह का गलत काम करना, सहना या होते हुए देखना सभी मिलावट की श्रेणी में ही आते हैं और इनसे देश और समाज का भारी नुकसान होता है इसलिए आज हमें हर प्रकार के गलत कार्यों से लड़ना होगा तथा एक सजग और जागरुक नागरिक की भांति अपने अधिकारों और कर्तव्यों को जानते हुए अपने हक की लड़ाई लड़ते हुए संघर्ष करना होगा तभी विकसित भारत का निर्माण संभव होगा और सभी देशवासियों को बराबरी का अधिकार मिलेगा । पंकज शर्मा ने अंत में सभी से पुनः खाद्य पदार्थों की अशुद्धि सहित हर तरह की मिलावट से लड़ने का संकल्प लेने की अपील करते हुए कहा कि आज से हम जहां भी गलत होते हुए देखें तो तत्काल आवाज उठाएं क्योंकि आज हमने दूसरे के लिए आवाज नहीं उठाई तो कल हमारी बारी भी निश्चित ही आएगी, ये बात तय है, उन्होंने लोगों से कहीं भी कुछ भी गलत होने पर तत्काल उनको 9425000860 नंबर पर सूचना देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना मिलने पर तत्काल इस बारे में उचित स्तर पर कार्यवाही की जाएगी और किसी के साथ भी कुछ भी अन्याय और अत्याचार ना हो इसके पूरे प्रयास उनके द्वारा किए जाएंगे ।








